मयूर मोटर्स के शोरूम एवं वर्कशॉप में भीषण आग, 50-60 लाख का नुकसान

शहर के कालू कुआं स्थित तिंदवारी रोड पर हीरो मोटरसाइकिल के अधिकृत शोरूम एवं वर्कशॉप मयूर मोटर्स में सोमवार रात अचानक भीषण आग लग गई...

Sep 8, 2026 - 18:26
Sep 8, 2026 - 18:31
 0  26
मयूर मोटर्स के शोरूम एवं वर्कशॉप में भीषण आग, 50-60 लाख का नुकसान

करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया आग पर काबू, स्पेयर पार्ट्स जलकर खाक

बांदा। शहर के कालू कुआं स्थित तिंदवारी रोड पर हीरो मोटरसाइकिल के अधिकृत शोरूम एवं वर्कशॉप मयूर मोटर्स में सोमवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 10 घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।

मयूर मोटर्स के संचालक अशोक अग्रवाल ने बताया कि रविवार, 7 सितंबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे वर्कशॉप बंद करने के बाद कर्मचारी शोरूम बंद कर रहे थे। इसी दौरान वर्कशॉप से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं उनके छोटे भाई अनूप कुमार ने तत्काल फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।

कई दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग इतनी भीषण थी कि उस पर पूरी तरह काबू पाने में करीब 10 घंटे लग गए। इस दौरान शहर कोतवाली पुलिस और चौकी पुलिस की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

पुलिस और दमकल की तत्परता के चलते आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने में सफलता मिली और एक बड़ा हादसा टल गया।

वर्कशॉप में रखा स्पेयर पार्ट्स का सामान जला

अग्निकांड में वर्कशॉप के अंदर रखे बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स जलकर खाक हो गए। संचालक के अनुसार प्रारंभिक अनुमान में करीब 50 से 60 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है। घटना की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को दे दी गई है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0