मलखान राइडर्स बने चैंपियन, पन्ना डायमंड्स को 41–37 से हराया
रोमांचक मुकाबलों ने जीता खेल प्रेमियों का दिल
बांदा। बुंदेलखंड कबड्डी लीग 2026 (सीज़न–2) के अंतर्गत रविवार को खेले गए मुकाबलों में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। तेज़ रेड, मजबूत टैकल और आख़िरी क्षणों तक चले संघर्ष ने राइफल क्लब खेल मैदान को तालियों और नारों से गुंजायमान कर दिया।
दिन के फाइनल मुकाबले में मलखान राइडर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पन्ना डायमंड्स को 41–37 से पराजित कर बुंदेलखंड कबड्डी लीग सीज़न–2 की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। चार अंकों के अंतर से मिली इस जीत के साथ मलखान राइडर्स ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
इस लीग में कुल आठ टीमों—महाराजा खेत सिंह, आल्हा योद्धा, पन्ना डायमंड्स, मलखान राइडर्स, बुंदेलखंड एक्सप्रेस, छत्रसाल बुंदेला, ऊदल लायंस सहित अन्य टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। सभी टीमों ने खेल भावना के साथ मुकाबले खेलकर बांदा सहित पूरे बुंदेलखंड के कबड्डी प्रेमियों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती संध्या कुशवाहा (डायरेक्टर, भागवत प्रसाद अकैडमी) रहीं। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सहित शेख शादी जमा, बाबा फ़रीद, चंद्र मौली भारद्वाज, नितिन द्विवेदी, दीपाली गुप्ता, शबीहा रहमानी, कमलेश साहू, मानतसा कातिव, रेहान खान, विकल्प शर्मा, कुक्कू माली, राजकुमार राज, अमित सेठ भोलू, आरिफ खान, जीतू यादव, फिरोज मिर्जा, अजय कुमार, मोहन साहू, सैयद अहमद मग़रवी, ईशान सिंह, राजेंद्र अवस्थी, डॉ. शरीफ़, शब्बीर अली, जुगनू, प्रवीण पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कहा कि,
“बुंदेलखंड कबड्डी लीग ने यह साबित कर दिया है कि हमारे क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों का जोश, अनुशासन और खेल भावना देखकर यह स्पष्ट है कि आने वाले समय में बुंदेलखंड कबड्डी राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान बनाएगा। ऐसे आयोजन युवाओं को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।”
विभिन्न टीमों के ओनर—नितिन द्विवेदी, कमलेश कुशवाहा, शाहिद अन्ना, क्षितिज त्रिपाठी, अरुणेश सिंह, ईशांत सिंह, लवी सौरभ यादव भी मैदान पर उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
तीन दिवसीय लीग के सफल आयोजन पर जिला कबड्डी संघ, बाँदा के अध्यक्ष अंकित कुशवाहा, सचिव कमल यादव एवं कोषाध्यक्ष सुनील सक्सेना ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति ने बताया कि इस लीग के माध्यम से बुंदेलखंड के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिल रहा है।
लीग के संचालन एवं मंच संचालन में महेश साहिल, अबरार फारुकी और इंद्रवीर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर विजेता, उपविजेता टीमों एवं अतिथियों को मोमेंटो, शॉल और मालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया।