आयुक्त अजीत कुमार ने किया बबेरू व तिंदवारी क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण
चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के आयुक्त अजीत कुमार ने सोमवार को तहसील बबेरू, नगर पंचायत बबेरू, विकासखंड बबेरू, ग्राम पतवन...
राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण, जनसुविधाओं व योजनाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के आयुक्त अजीत कुमार ने सोमवार को तहसील बबेरू, नगर पंचायत बबेरू, विकासखंड बबेरू, ग्राम पतवन एवं विकासखंड तिंदवारी का व्यापक निरीक्षण कर शासकीय व्यवस्थाओं एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, जनप्रसाधन एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
तहसील बबेरू में राजस्व वादों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
तहसील बबेरू के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि पीठासीन अधिकारी नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पारित आदेशों को आरसीएमएस पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने, राजस्व कर्मियों के कार्यों की सतत समीक्षा तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष बल दिया गया।
नगर पंचायत बबेरू में सफाई व शिकायत निस्तारण पर सख्त निर्देश
नगर पंचायत बबेरू के निरीक्षण में सफाई, पेयजल एवं पार्किंग की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। आयुक्त ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में नालियों एवं सड़कों की नियमित सफाई, स्ट्रीट लाइटों का रख-रखाव, एंटीलार्वा फॉगिंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कूड़ा संग्रहण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऑफलाइन व ऑनलाइन प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
विकासखंड बबेरू में एसआईआर-2026 की समीक्षा
विकासखंड बबेरू कार्यालय के निरीक्षण में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत नोटिस सुनवाई कार्य की समीक्षा में बताया गया कि कुल 36 नोटिसों की सुनवाई की गई है। खंड विकास अधिकारी को अवशेष नोटिसों के शीघ्र निस्तारण हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, गौशाला संचालन, मनरेगा एवं स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की नियमित समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों को समय से लाभान्वित करने पर जोर दिया गया।
ग्राम पतवन की चौपाल में सचिव पर कार्रवाई के निर्देश
ग्राम पतवन में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम सचिव पर नियमित रूप से ग्राम में न आने एवं समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही के आरोप लगाए। इस पर आयुक्त ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित सचिव के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश खंड विकास अधिकारी, बबेरू को दिए। साथ ही पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने तथा भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से जुड़े मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश उपजिलाधिकारी बबेरू को दिए गए।
तिंदवारी में समयपालन न होने पर बीडीओ से मांगा स्पष्टीकरण
विकासखंड तिंदवारी कार्यालय में एसआईआर-2026 के अंतर्गत नोटिस सुनवाई कार्य के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आमजन प्रातः 9 बजे से उपस्थित था, जबकि संबंधित खंड विकास अधिकारी 12:30 बजे पहुंचे। इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित बीडीओ से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए तथा सभी अधिकारियों को समयपालन, जनहित और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने की सख्त हिदायत दी।
जनहित सर्वोपरि रखने के निर्देश
निरीक्षण के समापन पर आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यालयों में जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में हो, डिजिटल पोर्टलों पर अभिलेखों का नियमित अद्यतन किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
