डिजिटल कांटे से गेहूं में कथित घटतौली का खुलासा, दो खरीदार गिरफ्तार
थाना क्षेत्र के झझरी, सिंधनकला और करहिया गांवों में गेहूं खरीद के दौरान डिजिटल कांटे में कथित सेटिंग कर किसानों से बड़े पैमाने पर घटतौली किए जाने का...
दोबारा तौल में 23 कुंतल गेहूं अधिक मिलने का किसानों का दावा
जसपुरा में किसानों का हंगामा, लाखों की धोखाधड़ी का आरोप
कई गांवों के किसानों ने लगाए घटतौली के आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जसपुरा (बांदा)। थाना क्षेत्र के झझरी, सिंधनकला और करहिया गांवों में गेहूं खरीद के दौरान डिजिटल कांटे में कथित सेटिंग कर किसानों से बड़े पैमाने पर घटतौली किए जाने का मामला सामने आया है। किसानों की शिकायत पर जसपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गेहूं से लदी एक डीसीएम को रोककर दोबारा तौल कराई। किसानों का दावा है कि दोबारा तौल में 23 कुंतल गेहूं अधिक निकला। इसके बाद पुलिस ने दो खरीदारों को गिरफ्तार कर डीसीएम को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार झझरी गांव निवासी जय सिंह और राजेंद्र भदौरिया ने अपना गेहूं फरीदपुर भोगन (जनपद बिजनौर) निवासी जमील अहमद और अतीक अहमद को बेचा था। किसानों के अनुसार डिजिटल कांटे से तौल कर गेहूं डीसीएम में लादकर भेज दिया गया, लेकिन बाद में तौल पर संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान सिंधनकला के अन्य किसानों ने भी उनके साथ कथित घटतौली होने की शिकायत की।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ऋषिदेव सिंह पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए और जसपुरा-झझरी मार्ग पर डीसीएम वाहन को रोक लिया। वाहन को थाने लाकर दोबारा तौल कराई गई। किसानों के मुताबिक तौल में 23 कुंतल गेहूं अधिक पाया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों खरीदारों को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को कब्जे में ले लिया।
घटना के बाद सिंधनकला और करहिया गांव के कई किसान भी थाने पहुंचे और 22 से 24 जून के बीच गेहूं खरीद में बड़े पैमाने पर कथित घटतौली के आरोप लगाए। किसानों का कहना है कि डिजिटल कांटे में सेटिंग कर उनसे लाखों रुपये मूल्य का गेहूं कम तौलकर अधिक मात्रा में उठा लिया गया। एक किसान की पत्नी ने बताया कि उनके पति कैंसर से पीड़ित हैं और इलाज के लिए फसल बेची थी, लेकिन कथित धोखाधड़ी से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
किसानों ने आरोप लगाया कि यह कार्य संगठित तरीके से किया जा रहा था और बिना रसीद बड़ी मात्रा में गेहूं बाहर भेजा गया। हालांकि इन आरोपों की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
थाना प्रभारी ऋषिदेव सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। अन्य किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
