बांदा: शादी के एक साल बाद युवक ने उठाया आत्मघाती कदम

बदौसा क्षेत्र की संयुक्त ग्राम पंचायत दुबरिया के क्योटन पुरवा मजरे में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। पत्नी से कहासुनी के बाद 30 वर्षीय युवक छकौड़ी निषाद...

बांदा: शादी के एक साल बाद युवक ने उठाया आत्मघाती कदम

बांदा,  बदौसा क्षेत्र की संयुक्त ग्राम पंचायत दुबरिया के क्योटन पुरवा मजरे में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। पत्नी से कहासुनी के बाद 30 वर्षीय युवक छकौड़ी निषाद पुत्र स्व. जबरा निषाद ने कमरे की धन्नी में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह जब पत्नी ने कमरे का दरवाजा नहीं खुला देखा, तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर भीतर झांकने पर छकौड़ी का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर पत्नी गुड़िया दहाड़ें मारकर रोने लगी। घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
मूल रूप से क्योटन पुरवा निवासी छकौड़ी पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी पिछले वर्ष चित्रकूट जनपद के मऊ के समीप बेलहा गांव की गुड़िया से हुई थी। वह पत्नी और वृद्धा मां चुन्नी के साथ अलग रहता था और नदी किनारे सब्जी की खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
परिवार के मुताबिक, घटना के समय छकौड़ी का बड़ा भाई लालबाबू गांव से बाहर बारात में गया हुआ था। उसने बताया कि पति-पत्नी के विवाद के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं थी। घटना के बाद से मृतक की मां, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आत्महत्या के पीछे के कारणों की तहकीकात की जा रही है।

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0