ABVP बांदा को मिला नया नेतृत्व, कार्तिकेय गुप्ता बने जिला संयोजक

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कानपुर प्रांत के चार दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर नवीन सांगठनिक दायित्वों की घोषणा की गई...

Jun 23, 2026 - 14:36
Jun 23, 2026 - 14:39
 0  20
ABVP बांदा को मिला नया नेतृत्व, कार्तिकेय गुप्ता बने जिला संयोजक

कानपुर प्रांत अभ्यास वर्ग में हुई घोषणा, 22 हजार पौधे लगाने का लिया संकल्प

बांदा/कानपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कानपुर प्रांत के चार दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर नवीन सांगठनिक दायित्वों की घोषणा की गई। कानपुर स्थित पीएसआईटी (PSIT) में 19 से 22 जून तक आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में बांदा के युवा छात्र नेता कार्तिकेय गुप्ता को अभाविप का जिला संयोजक नियुक्त किया गया।

चार दिवसीय अभ्यास वर्ग में प्रांत भर से आए कार्यकर्ताओं को व्यक्तित्व विकास, संगठनात्मक कार्यपद्धति और वैचारिक सुदृढ़ता से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। समापन सत्र में नई कार्यकारिणी और दायित्वधारियों की घोषणा की गई।

नवीन दायित्व मिलने पर कार्तिकेय गुप्ता ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी परिषद सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहेगी।

इस दौरान कार्तिकेय गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ा संकल्प लेते हुए घोषणा की कि अभाविप इस सत्र में छात्रशक्ति के सहयोग से पूरे बांदा जिले में 22 हजार पौधे लगाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

जिला संयोजक बनाए जाने के बाद बांदा आगमन पर महाराणा प्रताप चौक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। वहीं संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा से कार्यकर्ताओं और छात्रों में उत्साह का माहौल है।

अभ्यास वर्ग में अभाविप बांदा विभाग के अन्य प्रमुख दायित्वों की भी घोषणा की गई। कार्यकर्ताओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0