हाथरस में मची भगदड़ में 27 लोगों की मौत, एटा के एसएसपी ने की पुष्टि

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र स्थित रतिभानपुर में सत्संग समापन के बाद मची...

Jul 2, 2024 - 08:16
Jul 2, 2024 - 08:59
 0  6
हाथरस में मची भगदड़ में 27 लोगों की मौत, एटा के एसएसपी ने की पुष्टि

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार को सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र स्थित रतिभानपुर में सत्संग समापन के बाद मची भगदड़ में 27 लोगों की मौत हो गई। भगदड़ में कई लोग घायल हो गए हैं।

इसकी पुष्टि एटा के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक उमेश कुमार त्रिपाठी ने की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस में 27 शव आए हैं, इनमें 25 महिलाएं और दो पुरुष हैं। कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, मरने वालों की संख्या में इजाफा भी हो सकता है।

एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एटा में 27 शव लाए गए हैं, जिनके पंचायतनामा की कार्यवाही की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मरने वालों की संख्या ज्यादा है। वहीं, कुछ लोग घायल हैं, जो आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराए गये हैं।

हाथरस हादसा: मुख्यमंत्री ने दो मंत्रियों के साथ चीफ सेक्रेटरी एवं डीजीपी को मौके पर भेजा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस हादसे को देखते हुए सरकार के दो मंत्रियों चौधरी लक्ष्मीनारायण, संदीप सिंह और मुख्य सचिव व डीजीपी को मौके पर भेजा है।

मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि `जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।'

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रदेश के मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक को भी घटना स्थल पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया है।

हाथरस हादसा : मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार की घोषणा की

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस की दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जांच के आदेश देने के साथ मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे में घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

हाथरस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री स्वयं पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। पूरे घटनाक्रम पर वह सीधी नजर रखे हुए हैं।

इससे पहले सरकार के दो मंत्रियों के अलावा प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी को मौके पर भेजे गए हैं। एडीजी, आगरा और कमिश्नर, अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर होगी। शासन आयोजकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0