एमपी बोर्ड 10वीं का रिजल्ट घोषित, 73.42% छात्र हुए पास
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम मंगलवार को आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया...
अनूपपुर रहा अव्वल, अलीराजपुर दूसरे स्थान पर; मई में होंगे दोबारा परीक्षा के मौके
भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम मंगलवार को आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिणाम जारी किया। विद्यार्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.mponline.gov.in पर रोल नंबर और आवेदन संख्या दर्ज कर अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
मंडल द्वारा 13 फरवरी से 6 मार्च 2026 के बीच आयोजित परीक्षा में इस वर्ष नियमित परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 73.42 प्रतिशत रहा, जबकि स्वाध्यायी परीक्षार्थियों का परिणाम 26.38 प्रतिशत दर्ज किया गया। परिणाम में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा और मेरिट सूची में भी छात्राओं की संख्या अधिक रही।
जिलावार प्रदर्शन में अनूपपुर जिला 93.85 प्रतिशत सफलता के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि अलीराजपुर 92.14 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इस बार मेरिट सूची में कुल 378 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें 235 छात्राएं और 143 छात्र शामिल हैं।
बोर्ड ने विद्यार्थियों को मार्कशीट डाउनलोड करने के बाद नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषयों के नाम और प्राप्त अंकों का मिलान करने की सलाह दी है। किसी भी त्रुटि की स्थिति में संबंधित स्कूल या बोर्ड कार्यालय से संपर्क करने को कहा गया है।
इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पूरक परीक्षा की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। फेल हुए विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार इन छात्रों की पुनः परीक्षा मई माह में आयोजित की जा सकती है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिणाम में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में नियमित छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 76.22 था, जो 2026 में घटकर 73.42 प्रतिशत रह गया। वहीं निजी छात्रों का परिणाम 28.70 प्रतिशत से घटकर 26.38 प्रतिशत रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
