कुरारा ब्लॉक में रोजगार सेवकों का धरना जारी, 10 माह से मानदेय न मिलने पर विरोध
स्थानीय विकास खंड कार्यालय में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों को पिछले दस माह से मानदेय न मिलने के विरोध में धरना प्रदर्शन जारी है...
आठवें दिन भी अनिश्चितकालीन प्रदर्शन, आर्थिक संकट का हवाला देकर भुगतान की मांग
हमीरपुर/कुरारा। स्थानीय विकास खंड कार्यालय में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों को पिछले दस माह से मानदेय न मिलने के विरोध में धरना प्रदर्शन जारी है। ब्लॉक कार्यालय परिसर में रोजगार सेवक पिछले एक सप्ताह से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं और गुरुवार को धरना आठवें दिन भी जारी रहा।
बताया गया कि क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में कार्यरत मनरेगा रोजगार सेवकों का मानदेय लंबे समय से लंबित है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो गई है। भुगतान न मिलने से परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के चलते रोजगार सेवकों ने मजबूर होकर धरना प्रदर्शन शुरू किया।
धरना स्थल पर बैठे रोजगार सेवक संजय कुमार, गुलाब सिंह, प्रवीण कुमार, रंजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, देवेश चंद्र, कमलेश, सूर्यकांत द्विवेदी, वीर विक्रम सिंह, प्रमोद कुमार, रविंद्र सिंह, अजय कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि मानदेय न मिलने से उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। रोजगार सेवकों ने प्रशासन से शीघ्र भुगतान कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
रिपोर्ट : अखिलेश सिंह गौर, हमीरपुर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
