‘किसान दिवस’ में डीएम ने दिए सख्त निर्देश, समस्याओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘किसान दिवस’ का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं...
फसल बीमा, बिजली बिल, उर्वरक उपलब्धता सहित कई मुद्दों की समीक्षा; पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘किसान दिवस’ का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसान देश के अन्नदाता ही नहीं, बल्कि हम सबके पालनहार हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक के दौरान उर्वरक उपलब्धता, चकबंदी, मंडी समिति, जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत आपूर्ति तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र किसान तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
यह भी पढ़े : हमीरपुर : पूर्व चेयरमैन की पुत्री ने सीबीएसई हाईस्कूल में लहराया परचम, 96.60% अंक हासिल
किसानों द्वारा फार्मर रजिस्ट्री की समय सीमा बढ़ाने की मांग पर डीएम ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम सचिवालयों में सचिव और लेखपाल की उपस्थिति का रोस्टर जारी किया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर शिकायतों का समाधान हो सके।
ग्राम पंचायत बियावल में फसल बीमा लाभ से वंचित 118 किसानों के मामले में तत्काल जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। मऊ स्थित नवीन गेहूं क्रय केंद्र पर बोरों की कमी की शिकायत पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी को स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ दलहन, ज्वार, बाजरा और मोटे अनाज (श्री अन्न) की खेती पर जोर देने का आह्वान किया। विद्युत बिलिंग की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को कैंप लगाने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े : CBSE 10वीं का रिजल्ट जारी, आधिकारिक वेबसाइट पर छात्र देख सकेंगे अंक
अतरौली माफी गौशाला की स्थिति पर चर्चा करते हुए डीएम ने स्वयंसेवी संस्थाओं से संचालन में सहयोग की अपील की। वहीं रेहुटिया में नाला कटान की समस्या के समाधान के लिए मनरेगा के तहत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, उप कृषि निदेशक राजकुमार, जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला, अग्रणी जिला प्रबंधक अनुराग शर्मा, खाद्य एवं विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा सहित संबंधित अधिकारी व प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
