26 से 28 फरवरी तक उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला में लगेगा किसानों का कुंभ

बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला (RAF) का आयोजन...

Feb 24, 2026 - 17:39
Feb 24, 2026 - 17:41
 0  43
26 से 28 फरवरी तक उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला में लगेगा किसानों का कुंभ

सात राज्यों के किसान होंगे शामिल, निःशुल्क प्रतियोगिताएं और पशु स्वास्थ्य शिविर आकर्षण का केंद्र

बाँदा। बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला (RAF) का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित है।

मेले में जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के किसान प्रतिभाग करेंगे। इसे किसानों का “कुंभ” कहा जा रहा है, जहां कृषि की नवीनतम तकनीकों, उत्पादों और नवाचारों का संगम देखने को मिलेगा।

मेले का उद्घाटन प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं कृषि वैज्ञानिकों की उपस्थिति में किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू ने बुंदेलखंड क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

उद्घाटन समारोह में गौसेवा आयोग, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी तथा विधायक नरैनी ओममणि वर्मा भी मौजूद रहेंगी।

प्रतियोगिताएं, पुरस्कार और पशु स्वास्थ्य शिविर

मेले में किसानों के लिए फसल, फल-फूल, सब्जी एवं पशु प्रतियोगिताओं का निःशुल्क आयोजन किया जाएगा, जिसमें आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जहां पशुपालकों को विशेषज्ञों से परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी।

विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार प्रो. एन.के. बाजपेयी ने बताया कि मेले में उन्नत किस्म के बीज, खाद, कृषि रसायन, मूल्य संवर्धित उत्पाद, पशु आहार तथा अन्य कृषि सामग्रियां उपलब्ध रहेंगी। मिलेट उत्पाद, पारंपरिक हस्तशिल्प और छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार सजीव मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के विभिन्न शोध संस्थानों द्वारा विकसित तकनीकों का प्रदर्शन भी मेले का प्रमुख आकर्षण होगा। इसके अतिरिक्त 150 से अधिक शासकीय एवं गैर-शासकीय स्टॉल लगाए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक किसान सहायक निदेशक प्रसार डॉ. बी.के. गुप्ता (मो. 8840283165) अथवा डॉ. पंकज कुमार ओझा (मो. 7355373981) से संपर्क कर सकते हैं।

यह मेला किसानों के लिए ज्ञान, नवाचार और कृषि उन्नति का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0