अस्मिता खेलो इंडिया के तहत बाँदा में महिला खेल प्रतियोगिताएँ 26 अप्रैल को, 24 टीमों की सहभागिता, खिलाड़ियों में उत्साह
युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के संयुक्त प्रयासों से संचालित अस्मिता खेलो इंडिया अभियान...
बाँदा। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के संयुक्त प्रयासों से संचालित अस्मिता खेलो इंडिया अभियान के अंतर्गत बाँदा जनपद में महिला खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 26 अप्रैल 2026, रविवार को हैंडबॉल, वॉलीबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें पूरे जनपद से करीब 24 टीमें प्रतिभाग करेंगी।
इस संबंध में हार्पर क्लब, बाँदा में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है। तीनों खेलों में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से टीमें भाग लेंगी, जिनमें हैंडबॉल प्रतियोगिता में सबसे अधिक टीमों की सहभागिता रहने की संभावना है। आयोजन की सफलता के लिए टीमों की अंतिम सूची, खेलवार ड्यूटी, भोजन व्यवस्था, समय-सारणी, मैदान व्यवस्था और खिलाड़ियों की सुविधा से संबंधित तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
बाँदा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेन्द्र शर्मा ने कहा कि अस्मिता खेलो इंडिया अभियान महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि लगभग 24 टीमों की भागीदारी से यह स्पष्ट है कि बाँदा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। विशेष रूप से हैंडबॉल में अधिक टीमों की सहभागिता इस खेल के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाती है।
आयोजक सचिव अंकित कुशवाहा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जनपद की बेटियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि हैंडबॉल, वॉलीबॉल एवं कबड्डी जैसे टीम गेम्स खिलाड़ियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। अस्मिता खेलो इंडिया अभियान महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर रहा है, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।
आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। प्रेस वार्ता में रामेन्द्र शर्मा, इन्द्रवीर सिंह, अंकित कुशवाहा, सुनील सक्सेना, चन्द्रमौलि भारद्वाज, रोहित जैन, मोहम्मद अनवर अली, पवन निषाद, शेख सादी जमा, संजय गुप्ता, शाहिद बली, प्रकाश पांडेय, शिवकुमार गुप्ता, विषांश यादव, नवल किशोर चौधरी, बाबा फरीद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
