जंगली सुअरों ने फसल कर दी नष्ट, किसान ने उठाया आत्मघाती कदम

जंगली सुअरों द्वारा फसलों को बर्बाद करने से परेशान 48 वर्षीय किसान सुल्तान सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम शेखूपुर की है, जहां..

Dec 15, 2024 - 22:55
Dec 16, 2024 - 11:43
 0  10
जंगली सुअरों ने फसल कर दी नष्ट, किसान ने उठाया आत्मघाती कदम

बांदा, जंगली सुअरों द्वारा फसलों को बर्बाद करने से परेशान 48 वर्षीय किसान सुल्तान सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम शेखूपुर की है, जहां किसान का शव खेत की मेड़ पर लगे नीम के पेड़ से लटका मिला।

पारिवारिक कर्ज और बेटी की शादी बनी वजह परिजनों के अनुसार, सुल्तान सिंह पर रिश्तेदारों का डेढ़ लाख रुपये का कर्ज था, जो उन्होंने अपनी बड़ी बेटी बिटोला की शादी के लिए लिया था। इसके अलावा, छोटी बेटी कज्जो की शादी की चिंता भी उन्हें परेशान कर रही थी। खेत में जंगली सुअरों के झुंड ने उनकी गेहूं और चना की फसल को बर्बाद कर दिया था, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो गई थी।

शनिवार शाम पांच बजे के आसपास सुल्तान सिंह ने खेत की मेड़ पर पेड़ से फंदा लगा लिया। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोज शुरू की। गांव के लोगों ने पेड़ से लटकते हुए शव देखकर इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

सुल्तान सिंह किसानी के साथ राजकोट की एक पत्थर कंपनी में मशीन भी चलाते थे। भतीजे की शादी के कारण वह एक माह पहले ही राजकोट से लौटे थे और खेती के साथ शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। परिजनों का कहना है कि फसल बर्बादी और पारिवारिक जिम्मेदारियों ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था।

पैलानी थाना प्रभारी सुखराम सिंह ने बताया कि घटना की कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से सुल्तान सिंह की पत्नी सुधा और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। उनके पीछे दो बेटियां और एक बेटा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0