अपराधियों के आगे बेबस है यूपी सरकार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का आरोप

संजीत यादव के परिजनों से मिलने कानपुर जा रहे प्रदेश कांग्रेस गिरफ्तार, देर शाम रिहा...

Jul 24, 2020 - 21:13
Jul 24, 2020 - 21:14
 0  1
अपराधियों के आगे बेबस है यूपी सरकार, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का आरोप

लखनऊ

प्रदेश कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की है। पार्टी कार्यालय से कानपुर संजीत यादव के परिजनों से मिलने जा रहे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और देर शाम रिहा किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था अपराधियों के आगे बेबस होकर आत्मसमर्पण कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रदेश नहीं संभल रहा है। अब उनको तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय अपराधी-पुलिस गठजोड़ के चलते कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है। अपराधियों को पुलिस सहित सत्ता पक्ष में बैठे लोगों का संरक्षण है। पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा है। 

यह भी पढ़ें : लगातार बढ़ रहे अपराधों पर योगी की सख्ती, एएसपी व सीओ समेत 10 निलंबित

प्रदेश अध्यक्ष ने हाल में हुई हत्या, बलात्कार आत्मदाह का सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों का मनोबल तोड़ने, उन पर लगाम लगाने के बजाए सरकार कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का दमन कर रही है और फर्जी मुकदमे लगा रही है। कानपूर के संजीत यादव का अपहरण फिरौती और बाद में हत्या उसी का परिणाम है ।

पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आर.के. चौधरी ने कहा कि पूरे प्रदेश में हत्या, बलात्कार और आत्मदाह की घटनाएं हो रही हैं। लोगों की सुनवाई न पुलिस कर रही है न प्रशासन और सत्ता में बैठे लोग। हार कर लोग सत्ता के प्रतिष्ठान के आगे आत्मदाह करने को मजबूर हैं। पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था दम तोड़ चुकी है। अब लोगों की जान लेकर इसकी मुनादी की जा रही है।

यह भी पढ़ें : कानपुर : 30 लाख की फिरौती ले अपहरणकर्ता दोस्तों ने की पैथालॉजी कर्मी की हत्या

वहीं कानून व्यवस्था और आपराधिक घटनाओं को लेकर आज प्रदेश कार्यालय में कानून व्यवस्था की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध और शांति पाठ का आयोजन किया गया। इस शांति पाठ से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने बाल उतरवा कर विरोध प्रदर्शन भी किया।

(हिन्दुस्थान समाचार)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
admin As a passionate news reporter, I am fueled by an insatiable curiosity and an unwavering commitment to truth. With a keen eye for detail and a relentless pursuit of stories, I strive to deliver timely and accurate information that empowers and engages readers.