बांदा कृषि विश्वविद्यालय में आरएसएस का युवा संवाद कार्यक्रम, सैकड़ों छात्रों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बांदा के तत्वावधान में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को बांदा कृषि विश्वविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया...
युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देश को मिलेगी नई दिशा : मनोज जी
बांदा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बांदा के तत्वावधान में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को बांदा कृषि विश्वविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज जी, विशिष्ट अतिथि डॉ. एन.के. बाजपेयी जी तथा कार्यक्रम अध्यक्ष जिला संघचालक सुरेंद्र जी ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ।
मुख्य अतिथि मनोज जी ने छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत एक युवा राष्ट्र है और देश की बड़ी आबादी युवाओं की है। उन्होंने युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण को देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने भारत के विकास में छात्राओं की भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर और रानी लक्ष्मीबाई का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय महिलाओं ने समाज निर्माण और नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मनोज जी ने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और विचारों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने संघ द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्र के प्रति समर्पण का स्वरूप बदल रहा है। युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाकर देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि डॉ. एन.के. बाजपेयी जी ने कहा कि भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों को अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से पालन करना होगा। उन्होंने छात्रों से समाज परिवर्तन में योगदान देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने छात्रों द्वारा संघ, समाज और युवाओं की भूमिका से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर विभाग संपर्क प्रमुख जगन्नाथ जी, जिला प्रचारक अनुराग जी, सह नगर कार्यवाह मानवेंद्र जी, नगर प्रचारक ओम जी, विमर्श प्रमुख रामकिशोर जी, डॉ. अशोक परिहार जी, डॉ. विज्ञा मिश्रा जी, डॉ. ऋषि रंजन जी सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक एवं सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिमन्यु जायसवाल ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
