चित्रकूट में धूमधाम से मनाया गया भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, रघुबीर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में स्थित रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित रघुबीर मंदिर (बड़ी गुफा) में राम जन्मोत्सव...

Mar 27, 2026 - 16:57
Mar 27, 2026 - 16:59
 0  6
चित्रकूट में धूमधाम से मनाया गया भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, रघुबीर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

शंख-घंटों और वेद मंत्रों के बीच हुआ राम जन्मोत्सव

अबीर-गुलाल और पुष्पों की होली से गूंजा मंदिर परिसर

भंडारे में साधु-संतों व श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

चित्रकूट। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में स्थित रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित रघुबीर मंदिर (बड़ी गुफा) में राम जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीरामचरितमानस के नवाह्न पारायण से हुई। इसके उपरांत सुबह 11 बजे से मंदिर प्रांगण में भक्ति भाव से बधाई गीतों का गायन किया गया। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल और पुष्पों की होली खेलते हुए उत्सव को और भी भव्य बना दिया।

ठीक दोपहर 12 बजे शंख, घंटा, घड़ियाल, ढोल-नगाड़ों और वेद मंत्रोच्चार के बीच पुजारी द्वारा मंदिर के कपाट खोले गए और भगवान श्रीराम के जन्म की घोषणा की गई। इस दौरान भगवान का नयनाभिराम श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। हजारों की संख्या में उपस्थित भक्तों ने "भए प्रकट कृपाला दीन दयाला" का सामूहिक गान कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में साधु-संतों और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस पावन अवसर पर श्री सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट के अध्यक्ष विशद मफतलाल एवं उनकी पत्नी रूपल मफतलाल ने विधि-विधान से पूजन किया। कार्यक्रम में वृंदावन धाम मलूक पीठ एवं रेवासा पीठ के पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में ट्रस्टी डॉ. विष्णु जोबनपुत्रा, मनोज पंड्या, महिला शिक्षा समिति की अध्यक्षा श्रीमती ऊषा जैन, डॉ. इलेश जैन व उनकी पत्नी मौसम जैन, दमयंती बेन, रमा बेन, मिलोनी बेन, भारती जोबनपुत्रा, मीडिया प्रभारी वीरेंद्र शुक्ला, अनिल शास्त्री, सुरेंद्र शास्त्री सहित देशभर से आए गुरु भाई-बहन, संत-महंत और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अंत में ट्रस्टी डॉ. इलेश जैन ने सभी श्रद्धालुओं को राम जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0