लोहरा वॉलीबॉल प्रतियोगिता : रोमांचक फाइनल में बांदा ने कानपुर को दी शिकस्त, विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
खेल आपसी भाईचारे को मजबूत करता है और समाज से जातिवाद जैसी कुरीतियों को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाता है...
लोहरा (बांदा)। खेल आपसी भाईचारे को मजबूत करता है और समाज से जातिवाद जैसी कुरीतियों को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाता है। यह विचार सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने लोहरा गांव में स्व. श्रीमती सुनीता देवी शर्मा, पत्नी स्व. रामरतन शर्मा (पूर्व सांसद) की स्मृति में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर व्यक्त किए।
विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करे। उन्होंने कहा कि उनके सहयोगी एवं मंत्री रामकेश निषाद लगातार क्षेत्र के विकास में लगे हुए हैं और वे स्वयं भी अपने संपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यद्यपि लोहरा गांव उनके निर्वाचन क्षेत्र में नहीं आता, लेकिन स्वर्गीय रामरतन शर्मा सभी के लिए राजनीति के पितामह रहे हैं, इसी कारण इस गांव के लोगों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे और जहां भी सहयोग की आवश्यकता होगी, वह पूरा सहयोग देंगे।
रोमांचक मुकाबले में बांदा विजेता
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बांदा और कानपुर की टीमों के बीच बेहद रोमांचक रहा। पहले दो सेट बांदा ने 25–19 और 28–26 से जीतकर बढ़त बनाई। इसके बाद तीसरे सेट में कानपुर ने 25–18 से जीत दर्ज की और चौथे सेट में भी 25–21 से बांदा को हराकर मुकाबले को निर्णायक मोड़ पर पहुंचा दिया।
पांचवें और अंतिम सेट में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें अंततः बांदा ने कानपुर को 15–12 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
अतिथियों ने किया पुरस्कार वितरण
विजेता बांदा एवं उपविजेता कानपुर टीम को सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, ब्लॉक प्रमुख बड़ोखर स्वर्ण सिंह सोनू, जिला अधिवक्ता संघ बांदा के द्वारकेश प्रसाद, नगर पंचायत मटौध के चेयरमैन सुधीर सिंह, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन नाना शुक्ला एवं उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन कल्याण सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में शिवनायक सिंह, रामलखन राजपूत, रजनीश मोहन, दिनेश त्रिवेदी, ब्रह्मानंद पांडेय, कौशलेंद्र शुक्ला, निखिल सक्सेना, विनय त्रिपाठी, अवधेश नारायण द्विवेदी, इं. अरविंद शर्मा, सबल सिंह, महेश गर्ग सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन संयोजक अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’ ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
