राठ में वन विभाग ने मनाया ‘बर्ड फेस्टिवल’, विलुप्त हो रहे पक्षियों पर जुटाई जानकारी

वन विभाग राठ द्वारा ‘बर्ड फेस्टिवल’ के अवसर पर पक्षी संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया...

Feb 3, 2026 - 17:35
Feb 3, 2026 - 17:36
 0  2
राठ में वन विभाग ने मनाया ‘बर्ड फेस्टिवल’, विलुप्त हो रहे पक्षियों पर जुटाई जानकारी

प्रवासी पक्षियों के साथ काठफोड़वा के अस्तित्व पर भी जताई चिंता

ग्रामीणों व छात्रों से पक्षी संरक्षण की अपील

राठ (हमीरपुर)। वन विभाग राठ द्वारा ‘बर्ड फेस्टिवल’ के अवसर पर पक्षी संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान वन विभाग की टीम ने रेंज क्षेत्र में आने वाले जंगलों, नदियों, पोखरों और नहरों का भ्रमण कर विलुप्त हो रहे पक्षियों की जानकारी एकत्रित की। साथ ही ग्रामीणों और छात्रों से पक्षियों के संरक्षण के लिए जागरूकता की अपील की गई।

वन रेंजर सतेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को आयोजित अभियान के तहत टीम ने मझगवां के जंगल और नदी क्षेत्र, बिहुनी की नदी तलहटी व नहर तथा गिरवर के जंगलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विदेश से आने वाले प्रवासी पक्षियों की उपस्थिति के साथ ही विलुप्ति की कगार पर पहुंच रहे काठफोड़वा पक्षी के बारे में भी जानकारी मिली।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तोता, चील, गौरैया और गिद्ध जैसे पक्षियों की संख्या भी लगातार घट रही है। इसका प्रमुख कारण मोटे तने वाले पेड़ों की संख्या में कमी होना है, जिससे इन पक्षियों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहा है। वन विभाग ने इन पक्षियों के संरक्षण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए लोगों से सहयोग की अपील की।

अभियान के दौरान ग्रामीणों तथा स्कूल के विद्यार्थियों को पक्षियों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

इस मौके पर वन दरोगा रजनीश अग्रहरि, वन दरोगा शनि देव, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की वार्डन अलका प्रजापति, वन रक्षक जयसिंह, ओमप्रकाश, किशनलाल यादव तथा महावीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट : अमित निगम, (राठ) हमीरपुर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0