विश्व कैंसर दिवस पर राठ सीएचसी में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया...

Feb 4, 2026 - 18:26
Feb 4, 2026 - 18:28
 0  6
विश्व कैंसर दिवस पर राठ सीएचसी में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन

डॉ. अरविंद कुमार यादव ने बताए कैंसर से बचाव के आसान और प्रभावी उपाय

समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली से कैंसर को हराया जा सकता है

राठ (हमीरपुर)। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के माध्यम से लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया गया तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अधीक्षक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार यादव ने कहा कि कैंसर से बचाव के लिए जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव बेहद प्रभावी सिद्ध हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन—चाहे वह गुटखा, खैनी, पान-मसाला, बीड़ी या सिगरेट हो—पूरी तरह त्याग देना चाहिए, क्योंकि यह मुंह, गले, फेफड़े और पेट के कैंसर का प्रमुख कारण है। इसी प्रकार शराब का सेवन लीवर, मुंह और स्तन कैंसर के खतरे को बढ़ाता है।

डॉ. यादव ने स्वस्थ आहार पर जोर देते हुए कहा कि हरी सब्जियां, फल, दालें और सलाद का अधिक सेवन करें तथा तला-भुना, जंक फूड, अधिक तेल-मसाले, बासी और जली हुई चीजों से परहेज करें। नियमित रूप से कम से कम 30 मिनट टहलना या योग करना चाहिए, क्योंकि मोटापा भी कैंसर के जोखिम को बढ़ाता है।

उन्होंने तेज धूप और रसायनों से बचाव, कीटनाशकों के उपयोग में सावधानी बरतने तथा टीकाकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से और हेपेटाइटिस-बी वैक्सीन लीवर कैंसर से बचाव में सहायक होती है। इसके साथ ही उन्होंने मुंह, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा की समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी।

डॉ. यादव ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों के बारे में बताते हुए कहा कि लंबे समय तक न भरने वाला घाव, मुंह में छाले या सफेद-लाल धब्बे, बिना कारण वजन कम होना, शरीर में गांठ या सूजन, लगातार खांसी या आवाज का बैठना, तिल या मस्सों के रंग व आकार में बदलाव, असामान्य रक्तस्राव, निगलने में कठिनाई या पाचन संबंधी समस्या कैंसर के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

रिपोर्ट : अमित निगम, (राठ) हमीरपुर...

गोष्ठी के अंत में उन्होंने संदेश दिया कि “कैंसर से डरें नहीं, समय पर जांच कराएं। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर से सुरक्षित रहा जा सकता है।”
कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0