जनपद न्यायालय चित्रकूट में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
जनपद न्यायालय चित्रकूट में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ माननीय न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना, इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा...
1,16,856 मामलों का निस्तारण, 6.51 करोड़ रुपये की वसूली
चित्रकूट। जनपद न्यायालय चित्रकूट में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ माननीय न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना, इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश शेषमणि शुक्ला सहित न्यायिक अधिकारी, बैंक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, न्यायालय कर्मचारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों द्वारा मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया। जनपद न्यायाधीश शेषमणि शुक्ला द्वारा 4 वादों का निस्तारण करते हुए ₹1,000 अर्थदण्ड वसूला गया। मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी पद्माकरमणि त्रिपाठी द्वारा 36 वादों का निस्तारण कर ₹1,76,27,000 का प्रतिकर दिलाया गया। परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राकेश कुमार यादव द्वारा 18 वादों का निस्तारण करते हुए ₹1,45,000 दिलाए गए तथा वर्षों से अलग रह रहे 10 दंपतियों का आपसी सुलह से पुनर्मिलन कराया गया।
अन्य न्यायालयों द्वारा भी बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें अपर जिला न्यायाधीश, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी व पाक्सो), मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेटों द्वारा फौजदारी, एनआई एक्ट, उत्तराधिकार वाद सहित सैकड़ों प्रकरणों का समाधान किया गया।
कुल परिणाम
न्यायिक अधिकारियों द्वारा 2183 वादों का निस्तारण करते हुए ₹1,83,28,799 की वसूली/प्रतिकर दिलाया गया, जबकि राजस्व व अन्य विभागों द्वारा 1,14,673 मामलों का निस्तारण कर ₹4,68,64,400 की वसूली की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती वर्णिका शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1,16,856 वादों का निस्तारण करते हुए ₹6,51,93,199 (अर्थदण्ड, प्रतिकर एवं बैंक ऋण वसूली) की राशि वसूल की गई। आयोजन को सफल बनाने में सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग सराहनीय रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
