साइबर सेल की बड़ी सफलता, 82 लाख से अधिक की ठगी की रकम होल्ड
पुलिस की साइबर सेल को वर्ष 2026 में बड़ी सफलता मिली है। 82 लाख से अधिक की ठगी की रकम होल्ड कराई है...
वर्ष 2026 में साइबर अपराध रोकथाम का ब्योरा
चित्रकूट। पुलिस की साइबर सेल को वर्ष 2026 में बड़ी सफलता मिली है। 82 लाख से अधिक की ठगी की रकम होल्ड कराई है। जबकि 49 लाख रुपये पीड़ितों के खातों में वापस कराए गए।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकान्त राय के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए संचालित साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह व उनकी टीम के आरक्षी प्रशांत कुमार, सर्वेश कुमार द्वारा वर्ष 2026 में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। इस वर्ष कुल 1515 साइबर सम्बन्धी शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें 914 मामले वित्तीय ठगी तथा 601 मामले सोशल मीडिया हैरेसमेंट, अश्लील टिप्पणी, फेक प्रोफाइल व अन्य साइबर अपराधों से सम्बन्धित रहे। सभी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही की गयी। 914 वित्तीय ठगी के मामलों में पीड़ितों के कुल 22197256 रुपये की ठगी हुई थी। साइबर सेल की त्वरित कार्यवाही से विभिन्न बैंकों, पेमेंट गेटवे से समन्वय कर 8271844 रुपये होल्ड कराये गये। जिसमें से न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण कर 4995704 रुपये पीड़ितों के खातों में सफलतापूर्वक वापस कराये जा चुके हैं। साइबर अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध जनपद में कुल 72 अभियोग पंजीकृत किये गये। जिनमें 38 वित्तीय ठगी तथा 34 यौन शोषण सामग्री के विक्रय, प्रचार व महिला, बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणी से सम्बन्धित हैं। पेट्रोल पम्पों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम को खपाने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिरो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा महिला सम्बन्धी साइबर अपराधों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साइबर अपराध में प्रयुक्त कुल 636 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक के लिए प्रेषित किया गया था। जिनमें से 567 मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराया गया तथा 463 संदिग्ध मोबाइल डिवाइसों को भी ब्लॉक कराया गया। कानून व्यवस्था व सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली 12 आपत्तिजनक पोस्ट वीडियो कंटेंट को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से हटवाया गया। साइबर अपराध से बचाव के लिए जनपद के लगभग 580 स्थानों स्कूल, कालेज, कोचिंग संस्थान, सार्वजनिक स्थल, सरकारी कार्यालयों में जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
