151 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए हुआ भूमि पूजन

अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में दिव्य आयोजन का शुभारंभ हुआ। पवित्र भूमि चित्रकूट धाम में 151 कुंडीय गायत्री महायज्ञ...

Nov 6, 2025 - 10:15
Nov 6, 2025 - 10:16
 0  4
151 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए हुआ भूमि पूजन

गायत्री महामंत्र से गूंजा यज्ञ स्थल

चित्रकूट। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में दिव्य आयोजन का शुभारंभ हुआ। पवित्र भूमि चित्रकूट धाम में 151 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिकता की अद्भुत छटा देखने को मिली। आयोजन में लगभग दस जनपदों से आए जिला संयोजक, पदाधिकारी, संतगण एवं चित्रकूटवासियो ने सहभागिता किया। गायत्री मंत्रों की गूंज से वातावरण पवित्र और ऊर्जामय बना रहा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति की आभा और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था स्पष्ट झलक रही थी।

बुधवार की सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण से हुई। भूमि पूजन के इस अवसर पर गायत्री परिवार के स्थानीय कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भूमि पर पुष्प, अक्षत, जल और पंचामृत अर्पित कर पूजा अर्चना की। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से “गायत्री महामंत्र” का जाप कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। पूरे परिसर में भारतीय परंपरा और संस्कृति का जीवंत दर्शन हुआ। रंगोली, पुष्प सज्जा और वैदिक वेशभूषा में सुसज्जित साधकगणो ने कार्यक्रम को दिव्यता का रूप प्रदान किया। भूमि पूजन के पश्चात् यज्ञ स्थल का परिक्रमा एवं संकल्प विधान संपन्न हुआ। इस अवसर पर महंत दिव्य जीवन दास महाराज, राम नरेश आचार्य महामंडलेश्वर, अनिल क्षेत्र प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, राकेश जल शक्ति मंत्रालय, परमानंद द्विवेदी अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार), सांसद कृष्णा पटेल, एस. जामोद कमिश्नर रीवा संभाग, प्रकाश द्विवेदी विधायक बांदा, सुरेंद्र सिंह विधायक चित्रकूट, सुनील सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष बांदा, अशोक जाटव जिला पंचायत अध्यक्ष चित्रकूट, साधना पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष अतर्रा, भरत मिश्रा कुलपति, डॉ. शिशिर पांडेय कुलपति, एसपी अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर संत दिव्य जीवन दास ने कहा कि गायत्री महायज्ञ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि यह समाज में नैतिकता, सदाचार और एकता के बीज बोने का माध्यम है। चित्रकूट जैसे पवित्र तीर्थ में ऐसे आयोजन मानवता की दिशा को आलोकित करने का कार्य करते हैं। महामंडलेश्वर राम नरेश आचार्य ने कहा कि धर्म, संस्कृति और संस्कार के बिना समाज अधूरा है। गायत्री परिवार इस युग में एक आध्यात्मिक क्रांति का नेतृत्व कर रहा है। जिससे समाज में प्रेम, करुणा और राष्ट्रभावना को बल मिल रहा है। सांसद कृष्णा पटेल ने कहा कि गायत्री परिवार ने सदैव समाज में सकारात्मक सोच, नारी सशक्तिकरण और नशामुक्ति जैसे अभियानों से नई दिशा दी है। विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक सुरेंद्र सिंह और कमिश्नर एस. जामोद ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, धार्मिक सौहार्द और जनकल्याण के भाव को बल मिलेगा। अखिल विश्व गायत्री परिवार के वरिष्ठ प्रतिनिधि सिंह वर्मा और परमानंद द्विवेदी ने बताया कि 151 कुंडीय गायत्री महायज्ञ क्षेत्र में एक नई आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा। यह आयोजन केवल अनुष्ठान नहीं, बल्कि विचार क्रांति अभियान का एक सशक्त चरण है, जो समाज को सदाचार, संयम और सेवा की दिशा में अग्रसर करेगा। गायत्री परिवार के व्यवस्थापक डॉ रामनारायण त्रिपाठी ने बताया कि इस महायज्ञ में हजारों साधक व श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। जिसके लिए सभी को आमंत्रित किया जा रहा हैं। समाजसेवी नितिन उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नारी जागरण और युवा निर्माण से संबंधित सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0