ऑपरेशन के तीन दिन बाद युवक की मौत, सर्जन समेत अस्पताल स्टाफ पर FIR

शहर के चिल्ला रोड स्थित निखिलम सर्जरी सेंटर में ऑपरेशन के तीन दिन बाद 25 वर्षीय युवक की मौत के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने अस्पताल की संचालिका...

Aug 8, 2026 - 17:40
Aug 8, 2026 - 18:25
 0  212
ऑपरेशन के तीन दिन बाद युवक की मौत, सर्जन समेत अस्पताल स्टाफ पर FIR

परिजनों ने इलाज में लापरवाही, मेडिकल रिकॉर्ड न देने और धमकी देने के लगाए आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

बांदा। शहर के चिल्ला रोड स्थित निखिलम सर्जरी सेंटर में ऑपरेशन के तीन दिन बाद 25 वर्षीय युवक की मौत के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने अस्पताल की संचालिका एवं सर्जन डॉ. अदिति श्रीवास्तव, अस्पताल स्टाफ तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों ने इलाज में लापरवाही, उपचार से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध न कराने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ-हुसेनपुर निवासी अतुल सिंह (25) रोजगार के सिलसिले में बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में रहता था। परिजनों के मुताबिक, 17 मई को पेट दर्द की शिकायत के बाद उसे निखिलम सर्जरी सेंटर में भर्ती कराया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी और इलाज के लिए करीब एक लाख रुपये जमा कराए गए।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अतुल को तेज बुखार आने लगा और उसकी हालत बिगड़ती गई। शिकायत के मुताबिक, 20 मई की सुबह अस्पताल में दो इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही मिनट बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मौत के बाद उन्होंने इलाज से संबंधित दस्तावेज, अल्ट्रासाउंड और अन्य जांच रिपोर्ट मांगीं, लेकिन उन्हें रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। शिकायत में अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। अस्पताल परिसर में मौजूद कुछ अज्ञात लोगों द्वारा परिवार को डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने बीएनएस की धारा 106, 191(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति

फिलहाल युवक की मौत के मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। इलाज में लापरवाही के आरोप सही हैं या नहीं, यह जांच, मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0