बाँदा : आखिर कौन थे वो दो लोग, जिनकी वजह से बच निकलते थे ओवरलोड ट्रक?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बांदा पुलिस को बड़ी...

Jun 9, 2026 - 17:05
Jun 9, 2026 - 17:10
 0  36
बाँदा : आखिर कौन थे वो दो लोग, जिनकी वजह से बच निकलते थे ओवरलोड ट्रक?
सांकेतिक फ़ोटो - सोशल मीडिया

79 हजार नकद, मोबाइल और बाइक के साथ पकड़े गए दो शातिर, जानिए क्या था खेल

बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मटौंध पुलिस ने प्रवर्तन अधिकारियों की लोकेशन देकर अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों को जनपद से पार कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 79 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी प्रेम नारायण और प्रमोद कुमार, निवासी ग्राम बसहरी थाना मटौंध, खनिज, परिवहन, राजस्व, सेल टैक्स एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की लोकेशन ट्रक मालिकों और चालकों को उपलब्ध कराते थे। इसके माध्यम से अवैध रूप से मोरम और गिट्टी लदे ओवरलोड वाहन कार्रवाई से बचते हुए जिले से गुजर जाते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की इस गतिविधि से शासन को राजस्व की भारी क्षति पहुंच रही थी। साथ ही प्रवर्तन अधिकारियों की सुरक्षा और कार्रवाई की गोपनीयता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। आरोप है कि बसहरी तिराहे पर दोनों ने अवैध वाहनों को निकलवाने के लिए दबाव बनाने का प्रयास करते हुए अधिकारियों से विवाद भी किया था।

मामले में थाना मटौंध पर मु0अ0सं0 110/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(3), 3(5), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विकास नेहरा एवं कांस्टेबल अभिषेक यादव की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

बरामद सामग्री

  • 79,000 रुपये नकद
  • 02 मोबाइल फोन (लोकेशनबाजी में प्रयुक्त)
  • 01 मोटरसाइकिल (लोकेशनबाजी में प्रयुक्त)

गिरफ्तार आरोपी

  • प्रेम नारायण पुत्र बाबूलाल, निवासी ग्राम बसहरी, थाना मटौंध, जनपद बांदा
  • प्रमोद कुमार पुत्र कालीचरन, निवासी ग्राम बसहरी, थाना मटौंध, जनपद बांदा

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध खनन, ओवरलोड परिवहन और सरकारी कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0