‘वोकल फॉर लोकल’ से सशक्त होगा आत्मनिर्भर भारत — भाजपा
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ आज एक विराट जनआंदोलन का रूप ले चुका है...

बांदा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ आज एक विराट जनआंदोलन का रूप ले चुका है। यह केवल एक संकल्प नहीं बल्कि राष्ट्रीय ध्येय बन गया है। यह बात जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब हम हर उस वस्तु का निर्माण देश में ही करें जिसे हम गुणवत्ता पूर्ण ढंग से भारत में बना सकते हैं, ताकि विदेशी निर्भरता समाप्त हो और ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र सशक्त बने। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी और गर्व से कहो — ये स्वदेशी है” के मंत्र को आत्मसात करें और देश के किसानों, कारीगरों तथा उद्यमियों को प्रोत्साहित करें।
सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक प्रधानमंत्री के आह्वान को स्वाभिमान और संकल्प के साथ आगे बढ़ाएगा, तब भारत विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में विश्व में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में कई महत्वपूर्ण कटौतियाँ की गई हैं, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने कहा कि स्वदेशी को अपनाना ही सच्ची देशभक्ति है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने में जुटा है, ताकि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिले और भारत आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बने।
What's Your Reaction?






