यमुना नदी में नहाते समय दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए यमुना नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई...

बाँदा। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए यमुना नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बांदा जिले के बेंदा घाट क्षेत्र में हुआ, जब बच्चे नदी की गहराई का अंदाज़ा न लगा सके और पानी में समा गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक बीरू यादव (10 वर्ष) व जितेंद्र यादव (11 वर्ष), बबेरू क्षेत्र के बेर्रांव गांव के निवासी थे। वे अपने परिजनों के साथ लोहारी गांव में स्थित प्रसिद्ध माँ कालिका मंदिर दर्शन के लिए आए हुए थे। दर्शन के बाद दोनों बच्चे पास ही बह रही यमुना नदी में नहाने चले गए। नहाते समय वे गहराई में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बेंदा घाट चौकी इंचार्ज तुषार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया और दोनों बच्चों को पानी से निकालकर पीएचसी तिंदवारी पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?






