शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों के योगदान को किया गया नमन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), बांदा-कानपुर प्रांत की ओर से “शिक्षक सम्मान समारोह–2026” का भव्य आयोजन किया गया...
अभाविप के शिक्षक सम्मान समारोह–2026 में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर जोर
बांदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), बांदा-कानपुर प्रांत की ओर से “शिक्षक सम्मान समारोह–2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके योगदान का सम्मान करना तथा विद्यार्थियों में ज्ञान, शील, अनुशासन और एकता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में शिक्षक विधायक डॉ. बाबूलाल तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंडलायुक्त चित्रकूट धाम श्री अजीत कुमार की विशेष उपस्थिति रही। प्रांत संगठन मंत्री मनीष राय ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्यानिकी विभाग के अधिष्ठाता डॉ. सत्यव्रत द्विवेदी ने की। इस अवसर पर प्रांत प्रतियोगी छात्र कार्य प्रमुख डॉ. अशोक परिहार एवं जिला प्रमुख डॉ. शैलेश सिंह की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन आयुषी त्रिपाठी ने किया। परिषद गीत एवं मंच आमंत्रण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद अतिथियों का परिचय एवं स्वागत, दीप प्रज्वलन तथा जिला प्रमुख द्वारा प्रस्ताविकी प्रस्तुत की गई।
शिक्षक व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण के मार्गदर्शक
मुख्य वक्ता मनीष राय ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विशेष अतिथि मंडलायुक्त अजीत कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. बाबूलाल तिवारी ने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सशक्त और संस्कारित समाज के निर्माण की नींव विद्यालयों एवं शिक्षकों के माध्यम से तैयार होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, परिश्रम करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
शिक्षकों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान शिक्षकों को सम्मानित कर उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अशोक परिहार ने आभार ज्ञापन किया। इसके बाद अधिष्ठाता डॉ. सत्यव्रत द्विवेदी के समापन उद्बोधन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम में प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. पवन त्रिपाठी, प्रांत एग्री विजन प्रमुख डॉ. विज्ञा मिश्रा, नगर अध्यक्ष नवीन पाण्डेय, नगर उपाध्यक्ष बाला जी विक्रम, विभाग संगठन मंत्री शिवम पाण्डेय सहित परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से कहा गया कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान, विद्यार्थियों में संस्कार एवं अनुशासन तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। शिक्षक समाज के मार्गदर्शक हैं और उनके सम्मान के माध्यम से ज्ञान, संस्कार एवं राष्ट्रहित की भावना को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
