राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए प्रचार वाहन रवाना
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 12 सितंबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाली...
जिला जज अल्पना ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 12 सितंबर को सुलह-समझौते के आधार पर होगा वादों का निस्तारण
बांदा। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 12 सितंबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को दीवानी न्यायालय परिसर बांदा से प्रचार वाहन रवाना किया गया।
माननीया जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षा श्रीमती अल्पना ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। प्रचार वाहन के माध्यम से जनपद एवं तहसील स्तर पर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक वादकारी इसका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी सुनील कुमार यादव, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष विवेक कुमार गुप्ता, विशेष न्यायाधीश चन्द्रपाल द्वितीय, अपर जिला जज प्रवीण कुमार सिंह, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी डॉ. विकास श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्रीपाल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योत्सना यादव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सौश्व सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, बैंक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।
इन मामलों का होगा निस्तारण
12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर वाद, भरण-पोषण संबंधी वाद, चेक बाउंस, मोटर यान अधिनियम, शमनीय दांडिक वाद, राजस्व, चकबंदी, बैंक रिकवरी, श्रम, बीमा, बिजली एवं टेलीफोन संबंधी वादों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा जलकर निर्धारण तथा नगर पालिका कर निर्धारण के विरुद्ध अपील आदि मामलों का भी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधि व्यवसायियों, वादकारी जनता एवं संबंधित लोगों से अपील की गई है कि वे अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में नियत कराकर सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराएं और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
