लोहरा की टीम ने गोयरा की टीम को हराकर चैम्पियनशिप जीती

स्व. सुनीता देवी शर्मा, धर्मपत्नी स्व. रामरतन शर्मा (पूर्व सांसद व वरिष्ठ एडवोकेट) की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय...

लोहरा की टीम ने गोयरा की टीम को हराकर चैम्पियनशिप जीती

क्षेत्रीय खिलाड़ियों को बढ़ाने में बुंदेलखंड किसान यूनियन हमेशा सहयोग करेगी : योगेंद्र शुक्ला, मनीष राजा तिवारी

गोयरा वॉलीबॉल खिलाड़ियों का "हब" बन चुका है, अब लोहरा भी बनेगा : अवधेश नारायण द्विवेदी

खिलाड़ियों के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना होगा : केशव तिवारी, आनंद सिन्हा

लोहरा (बांदा)। स्व. सुनीता देवी शर्मा, धर्मपत्नी स्व. रामरतन शर्मा (पूर्व सांसद व वरिष्ठ एडवोकेट) की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन फाइनल मुकाबले में लोहरा की टीम ने ग्राम गोयरा की टीम को 25-15, 25-19 से हराकर चैम्पियनशिप जीती।

चैम्पियन लोहरा की टीम के कप्तान कौशलेंद्र त्रिपाठी (सोनू) को मुख्य अतिथि बुंदेलखंड किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश शुक्ला, बुंदेलखंड किसान यूनियन युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा मनीष तिवारी, सीबीआई के पूर्व जज अवधेश नारायण द्विवेदी, देश के चर्चित कवि केशव तिवारी, समाजवादी चिंतक एवं जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष आनंद सिन्हा (एडवोकेट), एडीआर के प्रदेश संयोजक अनिल शर्मा, कार्यक्रम संयोजक व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व बार जिला संघ अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी (जीतू), जल निगम कानपुर के पूर्व प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद शर्मा, ग्राम प्रधान सुरेश रैकवार ने चैम्पियनशिप की शील्ड तथा टीम के सभी सातों खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इसी तरह, उपविजेता गोयरा टीम को भी अतिथियों ने शील्ड एवं सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि योगेंद्र शुक्ला एवं जिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा मनीष तिवारी ने कहा कि बुंदेलखंड किसान यूनियन हमेशा बुंदेलखंड के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग करती रहेगी।

देश के चर्चित कवि एवं विशिष्ट अतिथि केशव तिवारी ने कहा कि समाज में खिलाड़ियों के प्रति संवेदनशीलता होनी चाहिए। यही भावना उन्हें आगे बढ़ाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि समाज को खिलाड़ियों के प्रति अधिक संवेदनशील बनना चाहिए और इसमें कवि, लेखकों, रंगकर्मियों एवं लोक कलाकारों को भी अपनी भूमिका निभानी होगी।

विशिष्ट अतिथि, समाजवादी चिंतक एवं जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष आनंद सिन्हा (एडवोकेट) ने कहा कि माता-पिता को "खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब, पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब" जैसी पुरानी सोच से बाहर आना चाहिए क्योंकि खेलों में भी बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं हैं। आज एक नौकरीपेशा व्यक्ति की तुलना में एक खिलाड़ी कहीं अधिक शोहरत और संपत्ति अर्जित कर सकता है।

प्रतियोगिता की अध्यक्षता कर रहे सीबीआई के पूर्व जज अवधेश नारायण द्विवेदी ने कहा कि आज गोयरा ग्राम बुंदेलखंड में वॉलीबॉल खिलाड़ियों का हब बन चुका है। यहां नए-नए खिलाड़ियों की नर्सरी तैयार की जा रही है। इसी तरह, एक दिन ग्राम लोहरा भी वॉलीबॉल खिलाड़ियों का दूसरा हब बनेगा, जहां नेशनल खिलाड़ी कौशलेंद्र त्रिपाठी (सोनू) के नेतृत्व में खेल को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को खिलाड़ियों के उत्थान के लिए उसी तरह सहयोग करना चाहिए, जैसा वह अपने बच्चों के विकास के लिए करता है।

इस अवसर पर एडीआर के प्रदेश कोऑर्डिनेटर अनिल शर्मा, कार्यक्रम संयोजक अशोक त्रिपाठी (जीतू), जल निगम कानपुर के पूर्व प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद शर्मा ने कहा कि ग्राम लोहरा को वॉलीबॉल खिलाड़ियों का हब बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

श्री जीतू ने कहा कि इस दो दिवसीय सुनीता देवी शर्मा क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ग्राम लोहरा, इटवां, गोयरा, बेसिक शिक्षा विभाग ग्राम पड़वार, ग्राम बदौरा सहित एक दर्जन ग्रामों की टीमों ने हिस्सा लिया। आगे वॉलीबॉल को युवाओं में और अधिक लोकप्रिय बनाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर सुरेश सिंह (पूर्व प्रधानाचार्य), ग्राम प्रधान सुरेश रैकवार, पूर्व क्रीड़ा अधिकारी सबल सिंह, खेल समिति के सचिव शिवकुमार गुप्ता, राजस्थान से आए संस्कार कला जयपुर के अध्यक्ष दीपेंद्र कुमार, अशोक तिवारी, पूर्व प्रधान अंगद मिश्रा, संजय मिश्रा, रज्जन खंगार, सत्यप्रकाश फौजी, ओमप्रकाश त्रिपाठी ने भी विचार व्यक्त किए।

बेहतरीन रनिंग कमेंट्री इंद्रबीर सिंह, सुभाष शुक्ला, रामेश्वर त्रिपाठी और गौरव त्रिपाठी ने की। जबकि दो दिवसीय प्रतियोगिता के सफल रेफरी का कार्य नेशनल खिलाड़ी रिजवान एवं प्रदेशीय खिलाड़ी रमाकांत त्रिपाठी ने किया।

पूरा कार्यक्रम अशोक त्रिपाठी (जीतू) एडवोकेट एवं इंद्रबीर सिंह के संचालन में संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0