जेएन कॉलेज कबड्डी ग्राउंड में रोमांचक मुकाबलों के बीच जेएन योद्धा बना चैंपियन

जेएन कॉलेज कबड्डी ग्राउंड में आयोजित एकदिवसीय कबड्डी मैत्री प्रतियोगिता का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सफल समापन हुआ...

May 16, 2026 - 16:54
May 16, 2026 - 16:56
 0  8
जेएन कॉलेज कबड्डी ग्राउंड में रोमांचक मुकाबलों के बीच जेएन योद्धा बना चैंपियन

एकदिवसीय कबड्डी मैत्री प्रतियोगिता में 7 टीमों ने लिया हिस्सा, खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शक हुए रोमांचित

बांदा। जेएन कॉलेज कबड्डी ग्राउंड में आयोजित एकदिवसीय कबड्डी मैत्री प्रतियोगिता का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले की कुल 7 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिनमें आल्हा योद्धा, मलखान राइडर्स, जेएन योद्धा, जेके स्टार, बांदा दबंग, भागवत अकैडमी और पुलिस क्लब शामिल रहे। खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला आल्हा योद्धा और पुलिस क्लब के बीच खेला गया। इस मुकाबले में आल्हा योद्धा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 31-23 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में जेएन योद्धा ने भागवत अकैडमी को 38-29 से हराया, जबकि तीसरे मुकाबले में जेके स्टार ने मलखान राइडर्स को 29-26 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल मुकाबले में बांदा दबंग टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए आल्हा योद्धा को 37-17 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरी ओर जेएन योद्धा ने लगातार शानदार खेल जारी रखते हुए खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई।

फाइनल मुकाबला जेएन योद्धा और बांदा दबंग के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जबरदस्त संघर्ष किया। 15-15 मिनट के दो हाफ में खेले गए इस मुकाबले में दर्शकों को कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंततः युवराज, अंकित, गुप्टिल और मयंक के शानदार प्रदर्शन एवं रणनीतिक खेल की बदौलत जेएन योद्धा ने बांदा दबंग को 23-18 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी अमित, प्रवीण, जिया, रितु एवं खुशबू ने निभाई। सभी रेफरियों ने निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन कर प्रतियोगिता को सफल बनाया।

इस अवसर पर समाजसेवी अरुणेश सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों को रनिंग शूज प्रदान किए तथा विजेता टीम को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

आयोजन के सफल संचालन पर जिलाध्यक्ष अंकित कुशवाहा, जिला सचिव कमल सिंह यादव एवं जिला कोषाध्यक्ष कबड्डी संघ सुनील सक्सेना ने संयुक्त रूप से सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा, “प्रयास और साथ हमारा, मेहनत आप सब की।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0