सड़क हादसों पर सख्त हुए डीएम, एक सप्ताह में सुधार के दिए निर्देश

जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क...

Apr 30, 2026 - 17:05
Apr 30, 2026 - 17:05
 0  37
सड़क हादसों पर सख्त हुए डीएम, एक सप्ताह में सुधार के दिए निर्देश

जीरो फैटेलिटी कॉरिडोर पर फोकस, बिना हेलमेट-सीटबेल्ट व ओवरलोडिंग पर चलेगा सघन अभियान

बांदा। जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित कॉरिडोर पर एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कालूकुआं चौराहे एवं महाराणा प्रताप चौक पर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, ओवरलोड वाहनों और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने हिट एंड रन मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए दावा जांच रिपोर्ट समय से प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा ‘राहगीर योजना’ के तहत मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये एवं घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।

बैठक में परिवहन विभाग को फिटनेस समाप्त वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय संचालकों को अपने स्कूल वाहनों की फिटनेस अनिवार्य रूप से कराने और स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा गया।

जिलाधिकारी ने श्रीनाथ बिहार क्षेत्र में ढीले विद्युत तारों को शीघ्र ठीक कराने के लिए अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। उन्होंने सड़क मार्गों पर ट्रकों की अवैध पार्किंग रोकने के लिए होल्डिंग एरिया में वाहनों को खड़ा कराने, संबंधित स्थलों को समतल कराने तथा स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने दोपहिया और चारपहिया वाहनों में हेलमेट और सीटबेल्ट की नियमित जांच के लिए अभियान चलाने को कहा। शहर में रोडवेज बसों के कारण लगने वाले जाम की समस्या के समाधान हेतु शहर के बाहर बस स्टैंड के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

तेज रफ्तार वाहन चालकों और स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए उन्होंने ब्लैक स्पॉट स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य और साइनेज लगाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, संभागीय परिवहन अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0