आंधी-तूफान के बाद 99 फीसदी बिजली आपूर्ति बहाल, युद्धस्तर पर जारी मरम्मत कार्य
आगरा डिस्कॉम के मुख्य अभियंता (तकनीकी) आर.एन. सरोज बुधवार को बांदा शहर स्थित जिला रोड के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे...
आगरा डिस्कॉम के मुख्य अभियंता आर.एन. सरोज ने बांदा में की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बांदा। आगरा डिस्कॉम के मुख्य अभियंता (तकनीकी) आर.एन. सरोज बुधवार को बांदा शहर स्थित जिला रोड के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर 28 मई को आए भीषण आंधी-तूफान से हुए नुकसान की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य अभियंता आर.एन. सरोज ने बताया कि 28 मई को चित्रकूट मंडल में आए भीषण आंधी-तूफान से विद्युत विभाग को भारी क्षति हुई थी। बांदा और हमीरपुर जनपद सबसे अधिक प्रभावित रहे, जहां बड़ी संख्या में बिजली के खंभे, तार और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हुए।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य संचालित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप सभी 33 केवी विद्युत उपकेंद्रों को पुनः चालू कर दिया गया है। वहीं 11 केवी फीडरों के माध्यम से दी जाने वाली विद्युत आपूर्ति भी लगभग पूरी तरह बहाल कर दी गई है। शेष बचे क्षेत्रों में भी देर रात तक आपूर्ति सामान्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य अभियंता ने कहा कि विभाग अब तक 99 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल करने में सफल रहा है और जिन स्थानों पर अभी भी समस्या बनी हुई है, वहां तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में अधिकारियों द्वारा रखी गई आवश्यक मांगों को भी पूरा कर दिया गया है, जिससे मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार फील्ड में रहकर पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं और जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता मुनीश चोपड़ा, अधीक्षण अभियंता रविकांत, अधिशासी अभियंता राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
