मप्र में फिर बनने जा रही है भाजपा की सरकार: शिवराज
निर्वाचन आयोग ने सोमवार को मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों...

भोपाल। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश में सभी 230 सीटों पर एक ही चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 03 दिसंबर को होगी। चुनाव तारीखों का ऐलान होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "चुनावी बिगुल बज गया है।" 17 नवंबर को वोटिंग और 3 दिसंबर को काउंटिंग होगी। हमें पूर्ण विश्वास है... जनता का आशीर्वाद साथ है...मध्य प्रदेश में इस बार फिर भाजपा की बनने जा रही सरकार है।
यह भी पढ़े : मध्यप्रदेश : 17 नवम्बर को 64 हजार 523 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि चुनाव की तारीख की घोषणा हो चुकी है। मध्यप्रदेश की जनता का प्यार भाजपा को लगातार मिलता रहा है, एक बार फिर विकास की रफ्तार को बनाए रखना है। डबल इंजन की सरकार पर मध्य प्रदेश को भरोसा है। प्रदेश का मतदाता जागरूक है और जानता है कि मध्य प्रदेश को विकास की राह पर कमल का साथ ही ले जा सकता है, तो इस बार की दिवाली कमल वाली।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 116 है। वर्तमान में यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है, जिसका कार्यकाल 6 जनवरी 2024 को खत्म हो रहा है। पिछले 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कांग्रेस ने प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में से 114 सीटें जीती थीं और अन्य दलों व निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन से सरकार बनाई थी, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक विधायक करीब डेढ़ साल बाद कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए थे और कांग्रेस की सरकार गिर गई थी। इसके बाद 2020 में हुए उपचुनाव के बाद वर्तमान में भाजपा के 127 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 96, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक है।
यह भी पढ़े : पांच राज्यों का विधानसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित
मध्य प्रदेश में 148 सामान्य, 35 एससी और 47 सीटें एसटी के लिए हैं। यहां विधानसभा चुनाव के लिए में 64 हजार 523 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 15000 मॉडल बूथ बनाए गए हैं, जबकि 35000 मतदान केन्द्रों पर वेब कास्टिंग की सुविधा है। वहीं, 5000 मतदान केन्द्रों को महिलाएं मैनेज करेंगी। प्रदेश में इस बार विधानसभा चुनाव में संख्या 5 करोड़ 60 लाख 60 हजार 925 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें पुरुष मतदाता दो करोड़ 88 लाख 25 हजार 607, महिला मतदाता दो करोड़ 72 लाख 33 हजार 945 एवं थर्ड जेंडर 1373 हैं। इनमें 18-19 साल की उम्र के पहली बार मतदान करने वाले 22 लाख 36 हजार 564 वोटर शामिल हैं, जो आने वाले विधानसभा चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, जबकि 80 या इससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 6 लाख 53 हजार 640 है। इसमें 100 वर्ष की उम्र पार करने वाले 5124 मतदाता हैं। बुजुर्ग वोटर्स अपने घर से वोट दे सकते हैं। उन्हें इसके लिए 12 डी फॉर्म भरना होगा।
यह भी पढ़े : चित्रकूट : जल्द पूरा कराएं एयरपोर्ट के अधूरे कार्य : मंडलायुक्त
मध्य प्रदेश में अब तक मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा है। विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा ने अब तक तीन अलग-अलग सूचियों में 79 उम्मीदवारों की घोषणा की है और अब तक तीन केंद्रीय मंत्रियों सहित कई सांसदों को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अब तक उम्मीदवारों की कोई सूची जारी नहीं की है। इसके अलावा इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भी ताल ठोंकने को तैयार है और उसने अब तक दो सूचियां जारी कर 39 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है।
हिन्दुस्थान समाचार
What's Your Reaction?






