मंत्री ने मंडलीय विभागीय योजनाओं की समीक्षा, कुपोषण सुधार में चित्रकूट रहा अव्वल
प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य ने सोमवार को देवांगना स्थित न्यू सर्किट हाउस के सभागार में चित्रकूट मंडल के जिला कार्यक्रम...
कहा कि पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचे योजनाएं
महोबा के जिला प्रोबेशन अधिकारी के अनुपस्थित होने पर जताई नाराजगी
चित्रकूट। प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य ने सोमवार को देवांगना स्थित न्यू सर्किट हाउस के सभागार में चित्रकूट मंडल के जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं जिला प्रोबेशन अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में चित्रकूट के जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, बांदा के दिलीप पांडेय, हमीरपुर के इंद्रपाल सिंह तथा महोबा के प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम सुलेरे उपस्थित रहे। महिला कल्याण विभाग से चित्रकूट की जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता अवकाश पर होने के कारण उनकी ओर से जिला बाल संरक्षण अधिकारी तथा हमीरपुर के जिला प्रोबेशन अधिकारी राजकुमार सिंह ने प्रतिभाग किया। महोबा के जिला प्रोबेशन अधिकारी के न आने पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। समीक्षा के दौरान मंत्री ने बताया कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत कुपोषित बच्चों में सुधार के मामले में 99.94 प्रतिशत उपलब्धि के साथ चित्रकूट मंडल प्रदेश में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले मंडलों में शामिल रहा। उन्होंने इस उपलब्धि पर अधिकारियों की सराहना करते हुए निरंतर गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने नवीन रेसिपी के अनुसार टेक होम राशन वितरण, आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण, जर्जर केंद्रों की मरम्मत, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की। वहीं महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत बाल सुधार गृह, शरणालय, आश्रय गृह, विधवा पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट लिखित रूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की नीति के अनुरूप सभी स्वीकृत पदों पर समयबद्ध तैनाती सुनिश्चित की जानी चाहिए। जिला कार्यक्रम अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि से संबंधित कुछ तकनीकी समस्याओं एवं सुधार संबंधी सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें नोट कराया और आश्वासन दिया कि पोर्टल में आवश्यक तकनीकी सुधार राज्य स्तर से कराए जाएंगे, ताकि जिलों द्वारा भेजे गए आंकड़े सही एवं पारदर्शी रूप से प्रदर्शित हो सकें।
बैठक के अंत में मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में गुणवत्ता, जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित कर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप परिणाम प्राप्त किए जाएं। इसके बाद मंत्री हनुआ मानिकपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
