मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग सेंटर का डीएम ने किया शुभारंभ

डीएम पुलकित गर्ग ने राजकीय जिला पुस्तकालय चित्रकूट में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किय

Aug 6, 2026 - 10:45
Aug 6, 2026 - 10:51
 0  5
मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग सेंटर का डीएम ने किया शुभारंभ

विद्यार्थियों को अनुशासित अध्ययन एवं सोशल मीडिया से दूरी बनाने की दी सलाह

चित्रकूट। डीएम पुलकित गर्ग ने राजकीय जिला पुस्तकालय चित्रकूट में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग सेंटर में गत सत्र में यूपीएससी, यूपीपीएससी, एनडीए, नीट एवं जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 301 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। जबकि इस सत्र में यह संख्या 360 हो गई है। उन्होंने कहा कि इच्छुक छात्र-छात्राएं अभी भी इस पूर्णतः निःशुल्क कोचिंग सेंटर में प्रवेश लेकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह कोचिंग सेंटर 1 जुलाई से संचालित है तथा मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों का चयन किया गया है। विद्यार्थियों से कहा कि यदि किसी विषय के अध्यापन में किसी प्रकार की कमी अनुभव हो तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें उपलब्ध कराएं। जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि मै स्वयं भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कोचिंग संस्थान में रहकर की है, इसलिए वे विद्यार्थियों की आवश्यकताओं एवं चुनौतियों को भली भांति समझते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया, विशेषकर फेसबुक एवं इंस्टाग्राम से अनावश्यक दूरी बनाए रखने तथा इंटरनेट का उपयोग केवल अध्ययन एवं ज्ञानवर्धन के उद्देश्य से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 8 से 10 घंटे नियमित अध्ययन करें तथा ऐसे मित्रों का साथ चुनें जो लक्ष्य प्राप्ति में सहायक हों। उन्होंने कहा कि परिवार एवं समाज के सहयोग के साथ दृढ़संकल्प और निरंतर परिश्रम से ही सफलता प्राप्त होती है। वर्तमान इंटरनेट युग में सभी विद्यार्थियों के लिए अवसर समान हैं। अंतर केवल सोच, मेहनत एवं अनुशासन का है। डीएम ने अभ्युदय कोचिंग सेंटर के समन्वयक को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं अध्ययन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि कोचिंग सेंटर में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नोडल अधिकारी, समन्वयक एवं शिक्षकों के संपर्क नंबर प्रदर्शित कराए जाएं। साथ ही सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विषयवार समय सारणी भी प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए। कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. वैभव त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी सुरेंद्र कुमार, अवर अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह, राजकीय जिला पुस्तकालय के प्रभारी प्रदीप नारायण शुक्ला, अभ्युदय कोचिंग सेंटर के समन्वयक सीपी पांडेय सहित शिक्षक एवं छात्र, छात्राएं मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0