भाजपा नेता चार टॉपर छात्र-छात्राओं को देंगें स्कूटी व बाइक
यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रदेश स्तरीय टॉप टेन सूची में स्थान बनाने के लिए प्रेरित करने वाले भाजपा...
चित्रकूट। यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रदेश स्तरीय टॉप टेन सूची में स्थान बनाने के लिए प्रेरित करने वाले भाजपा नेता जगदीश गौतम ने अब अपना वादा पूरा करने की बात कही है। उन्होंने आज जिले के चारों होनहार बच्चों के घर जाकर सम्मानित किया और जल्द ही एक समारोह का आयोजन कर छात्रा को स्कूटी और छात्रों को बाइक देने की बात कही।
भाजपा नेता जगदीश गौतम ने यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम आने के बाद शुक्रवार को जिले में 10वीं में टॉप करने वाली और प्रदेश में छठां स्थान लाने वाली मानसी तिवारी को घर जाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने इण्टर में जिला टॉप करने वाले वप्पारावल सिंह और आकाश सिंह को सम्मानित किया। इन दोनों छात्रों ने जिला टॉप करने के साथ प्रदेश स्तर पर आठवां स्थान हासिल किया है। भाजपा नेता ने जिले में हाईस्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले और प्रदेश स्तरीय सूची में नौंवा स्थान प्राप्त करने वाले छात्र अथर्व मिश्रा को भी सम्मानित किया। भाजपा नेता ने कहा कि शिक्षा के जरिए ही परिवार, समाज, क्षेत्र, प्रदेश और देश का विकास किया जा सकता है। शिक्षा क्षेत्र में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्होंने गत वर्ष एक अभियान शुरु किया था, जिसके तहत जिले के शैक्षिक संस्थानों में जाकर श्रेष्ठ अंक लाने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों, शिक्षकों को सम्मानित किया था। साथ ही उन्होंने घोषणा की थी कि इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर की सूची में श्रेष्ठ 10 में स्थान बनाने वाले छात्रों को बाइक और छात्राओं का स्कूटी देंगे। ऐसे में इन चार बच्चों को सम्मानित करने के लिए समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें वह अपना वादा पूरा करेंगे। साथ ही हाईस्कूल और इण्टर में जिले के श्रेष्ठ 10 स्थानों पर आएं विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए वह निरंतर अपना अभियान जारी रखेंगे। इस मौके पर भाजपा के कर्वी मण्डल अध्यक्ष रवि गुप्ता, शिवरामपुर मण्डल अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य दशरथ प्रजापति व सुरेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
