डिप्थीरिया से बचाव के लिए 3 से 7 अगस्त तक स्कूलों में चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान

जनपद में डिप्थीरिया (गलघोंटू) जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक विशेष स्कूल...

Jul 30, 2026 - 17:55
Jul 30, 2026 - 17:56
 0  13
डिप्थीरिया से बचाव के लिए 3 से 7 अगस्त तक स्कूलों में चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान

बांदा। जनपद में डिप्थीरिया (गलघोंटू) जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक विशेष स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान संचालित करेगा। इस दौरान अप्रैल 2026 में चले अभियान के दौरान टीकाकरण से वंचित रह गए किशोर एवं किशोरियों को टी.डी./डी.पी.टी. वैक्सीन लगाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में यह अभियान 3, 4, 6 और 7 अगस्त 2026 को संचालित किया जाएगा। बुधवार एवं शनिवार को नियमित टीकाकरण दिवस होने के कारण इन दिनों विशेष अभियान नहीं चलेगा। अभियान के तहत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में स्कूलवार टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

सीएमओ ने कहा कि डिप्थीरिया (गलघोंटू) एक गंभीर एवं जानलेवा बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर विद्यालय भेजें और टीकाकरण अवश्य कराएं।

अभियान के सफल संचालन के लिए 27 जुलाई को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में योजना बैठक आयोजित की जा चुकी है। वहीं 28 जुलाई को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग और आईसीडीएस के अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का अनुरोध किया है। साथ ही सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार विद्यालयों में टीकाकरण सत्र आयोजित कराए जाएं तथा एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम बनाकर शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ आईसीडीएस, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अलावा डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और जेएसआई के जिला स्तरीय प्रतिनिधि भी सहयोग करेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने की भी अपील की है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और गलघोंटू जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0