स्थायी लोक अदालत बांदा को मिला पूर्णकालिक अध्यक्ष, जून में ही पांच मामलों का निस्तारण

स्थायी लोक अदालत बांदा को पूर्णकालिक अध्यक्ष मिल गया है। पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक कुमार गुप्ता ने 26 मई 2026 को स्थायी लोक...

Jun 25, 2026 - 16:10
Jun 25, 2026 - 16:15
 0  33
स्थायी लोक अदालत बांदा को मिला पूर्णकालिक अध्यक्ष, जून में ही पांच मामलों का निस्तारण

विवेक कुमार गुप्ता ने संभाला कार्यभार, त्वरित एवं सुलभ न्याय पर जोर

पेयजल, बिजली और स्वच्छता से जुड़े मामलों का हुआ समाधान

बांदा। स्थायी लोक अदालत बांदा को पूर्णकालिक अध्यक्ष मिल गया है। पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक कुमार गुप्ता ने 26 मई 2026 को स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्य शुरू किया और जून माह में ही पांच वादों का निस्तारण कर दिया।

स्थायी लोक अदालत के वरिष्ठ सदस्य डॉ. ब्रह्मदत्त सिंह ने बताया कि यह न्यायपीठ सिविल न्यायालय जैसी शक्तियों से युक्त है, जहां जन उपयोगी एवं लोकोपयोगी सेवाओं से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाता है। उन्होंने बताया कि बीमा, बैंकिंग, परिवहन, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित आठ प्रकार की सेवाओं से जुड़े मामलों में यहां वाद दायर कर राहत प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि न्यायालय में पहले पक्षकारों के बीच आपसी समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। यदि समझौता नहीं हो पाता है तो मामले के गुण-दोष के आधार पर निर्णय दिया जाता है।

स्थायी लोक अदालत की सदस्य शिवांगी शुक्ला ने बताया कि जून माह में पेयजल, सार्वजनिक स्वच्छता और विद्युत आपूर्ति से संबंधित कई मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालत आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

न्यायिक अधिकारियों का मानना है कि स्थायी लोक अदालत के माध्यम से लोगों को लंबे न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है और विवादों का समयबद्ध समाधान संभव हो पाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0