उप्र में चार दिन बाद यागी तूफान से बदलेगा मौसम, होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में बीते दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद आसमान साफ हो गया। शनिवार को तापमान सामान्य से अधिक...

कानपुर। उत्तर प्रदेश में बीते दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद आसमान साफ हो गया। शनिवार को तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गया। इससे लोगों को एक बार उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि 25 सितम्बर से उत्तर प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव होने जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि समुद्री तूफान यागी का असर आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में यागी तूफान के असर के चलते बीते तीन-चार दिन भारी बारिश हुई। इसके साथ ही कई जगहों पर 30 से लेकर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं भी चलीं। इन दिनों यागी तूफान का असर अब धीरे-धीरे समाप्त हो चुका है और मानसूनी गतिविधियां भी सामान्य हैं। प्रदेश के आइसोलेटेड स्थान पर हल्की बारिश हो सकती है और ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से लेकर तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी। 25 सितंबर से मौसम में फिर हल्के बदलाव होंगे और मानसूनी गतिविधियों में वृद्धि होगी। फिलहाल प्रदेश के दक्षिणी जिलों ललितपुर, झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। अगर बारिश की बात करें तो उत्तर प्रदेश में एक जून से 20 सितंबर तक अनुमानित बारिश 715.8 के सापेक्ष 680.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से पांच प्रतिशत कम है।
उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 79 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 68 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई सम्भावना नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार
What's Your Reaction?






