राजस्थान भाजपा की सह प्रभारी विजया रहाटकर बनीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान की सह प्रभारी श्रीमती विजया रहाटकर को राष्ट्रीय महिला आयोग...

राजस्थान भाजपा की सह प्रभारी विजया रहाटकर बनीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा
विजया किशोर रहाटकर, अध्यक्षा, राष्ट्रीय महिला आयोग

केंद्रीय राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त

नई दिल्ली। भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान की सह प्रभारी श्रीमती विजया रहाटकर को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले उन्होंने महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में अपनी विशेष पहचान बनाई थी, जिसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। अब उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त होगा।

राष्ट्रीय महिला आयोग, जो एक संवैधानिक संस्था है, महिलाओं की उन्नति और अधिकारों की रक्षा के लिए काम करता है। इसके अधिकारों में संवैधानिक और कानूनी मुद्दों की समीक्षा, सरकार को नीतिगत सुझाव देना, और महिलाओं से जुड़े मामलों पर शोध और समाधान शामिल हैं। यह आयोग 1992 में स्थापित हुआ था और इसे सिविल कोर्ट के अधिकार प्राप्त हैं।

विजया रहाटकर के राजनीतिक सफर की बात करें तो उन्होंने भाजपा में कई प्रमुख जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वे भाजपा युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और अब भाजपा की राष्ट्रीय सचिव के पद पर आसीन हैं। इसके साथ ही वे पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं। फिलहाल वे राजस्थान भाजपा की सह प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं और विधानसभा चुनावों में पार्टी की सफलता में उनकी बड़ी भूमिका रही है।

महिला आयोग की अध्यक्ष रहते हुए, उन्होंने "सक्षमा", "प्रज्ज्वला", और "सुहिता" जैसी महिला केंद्रित योजनाओं को शुरू किया। एसिड अटैक पीड़ितों की मदद से लेकर, स्वयं सहायता समूहों से महिलाओं को जोड़ने और 24×7 हेल्पलाइन सेवा शुरू करने तक, उन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण के लिए कानूनी सुधारों की भी पहल की गई, जिसमें पोस्को, ट्रिपल तलाक और मानव तस्करी विरोधी सेल की स्थापना शामिल है।

विजया रहाटकर ने अपने कार्यकाल में डिजिटल साक्षरता और महिला आयोग के कार्यों को आम जनता तक पहुँचाने के लिए कई पहल की हैं।

विजया रहाटकर की शैक्षिक योग्यता भी सराहनीय है। उन्होंने भौतिकी में स्नातक और इतिहास में स्नातकोत्तर किया है। उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखी हैं, जिनमें 'विधिलिखित', 'अग्निशिखा धडाडू द्या', और 'मैजिक ऑफ ब्लू फ्लेम' शामिल हैं। महिला सशक्तिकरण के उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

विजया रहाटकर का वक्तव्य

"राष्ट्रीय महिला आयोग जैसी संवैधानिक और विधायी संस्था की अध्यक्ष बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करती हूँ। मैं पूरी निष्ठा से इस जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगी और महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में काम करूंगी।"

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0