बांदा में नवदुर्गा महोत्सव की तैयारियां तेज, पूजा समिति ने डीएम को सौंपा 16 सूत्रीय ज्ञापन

महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति ने...

Oct 8, 2026 - 17:32
Oct 8, 2026 - 17:33
 0  8
बांदा में नवदुर्गा महोत्सव की तैयारियां तेज, पूजा समिति ने डीएम को सौंपा 16 सूत्रीय ज्ञापन

नवरात्रि में बिजली कटौती से मुक्ति, सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था की मांग

बांदा। बुंदेलखंड के ऐतिहासिक नवदुर्गा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। आगामी 11 अक्टूबर 2026, रविवार से नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व शुरू होगा, जबकि 20 अक्टूबर, मंगलवार को विसर्जन किया जाएगा। महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति ने जिलाधिकारी को 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने की मांग की है।

समिति ने प्रमुख मंदिरों और देवी पंडालों में साफ-सफाई, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। मंदिरों में तड़के करीब तीन बजे से श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की आवाजाही शुरू होने को देखते हुए प्रमुख मंदिरों, चौराहों, तिराहों और पंडालों पर महिला पुलिस, पुलिस बल तथा गश्ती दल तैनात करने की मांग की गई है।

नवरात्रि में बिजली-पानी व्यवस्था सुचारु रखने की मांग

ज्ञापन में पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखने तथा प्रमुख मार्गों पर लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई। इसके अलावा सुबह-शाम नियमित जलापूर्ति, दुर्गा पंडालों की सुरक्षा तथा मंदिरों एवं पंडालों में नियमित सफाई और चूने का छिड़काव कराने की मांग भी रखी गई है।

समिति ने शहर में सूअर एवं आवारा जानवरों के प्रवेश पर रोक लगाने, निर्धारित समय के अलावा भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने तथा प्रमुख मार्गों एवं विसर्जन जुलूस के रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर दिया। समिति का कहना है कि अतिक्रमण के कारण शोभायात्रा और विसर्जन जुलूस के संचालन में परेशानी होती है।

विसर्जन व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियों की मांग

विसर्जन को लेकर समिति ने केन नदी रोड और घाट की मरम्मत, विसर्जन घाट तक मार्ग पर पर्याप्त रोड लाइट, हाथ ठेला एवं नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है। बड़ी और भारी मूर्तियों के सुरक्षित विसर्जन के लिए दो बड़ी हाइड्रा मशीनें उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।

विसर्जन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए महेश्वरी देवी चौराहा, बाबूलाल चौराहा और केन नदी स्थल पर स्वास्थ्य कैंप लगाने की मांग की गई है, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके। घाट पर सुरक्षा के लिए स्टीमर, जल पुलिस और महिला पुलिस की व्यवस्था सुचारु रखने की मांग भी की गई है।

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर

समिति ने शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस और पुलिस बल की तैनाती, नवरात्रि के दौरान मांस-मदिरा की दुकानों को 10 दिन तक पूर्णतः बंद रखने तथा प्रयागी तालाब और अलीगंज रामलीला मंच कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल एवं साफ-सफाई व्यवस्था कराने की मांग की है।

समिति ने प्रशासन से सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समय रहते व्यवस्थाएं पूरी कराने का आग्रह किया, ताकि बांदा का ऐतिहासिक नवदुर्गा महोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य माहौल में संपन्न हो सके।

ज्ञापन देने के दौरान संरक्षक राज कुमार शिवहरे, गोपाल अवस्थी, प्रभाकर सिंह चंदेल, अशोक गुप्ता, अमित सेठ भोलू, सुनील सक्सेना, संजय काकोनियां, घनश्याम सिंह बाबू जी, राजेंद्र कुमार निर्मल, रजत कुमार रावत, पंकज खटीक, सचिन चीता, नईम नेता, राहुल सागर, अभिषेक कुमार गुप्ता, दीपक सिंह दीपू, हिमांशु सिंह, श्लोक द्विवेदी, शिवम चौरसिया, राज सिंह, अर्जित अग्रवाल, नीतीश निगम लाल, प्रदीप सिंह, अंकेश, पीयूष गुप्ता, सुधीर रैकवार, सौरभ गुप्ता, आशीष पांडे, श्रीश पांडे, अमित गुप्ता रिंकू, शुभांशु खरे, अशोक यादव, राकेश बाजपेई, राजा चौहान, ओम सिंह, कार्तिकेय गुप्ता, शशि भूषण सहित सैकड़ों गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0