यूपी में संविदा पर होगी डॉक्टरों की बड़ी भर्ती, हर महीने होंगे इंटरव्यू
उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने संविदा पर डॉक्टरों की भर्ती की नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है...
पहले चरण में 3000 डॉक्टरों की तैनाती की तैयारी, विशेषज्ञ चिकित्सकों को मिलेगा 2.5 लाख रुपये तक मानदेय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने संविदा पर डॉक्टरों की भर्ती की नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। अब प्रदेश में डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियमित अंतराल पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जाएगी, जिससे अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को तेजी से पूरा किया जा सके।
नई व्यवस्था के तहत डॉक्टरों की भर्ती के लिए एक ऑनलाइन मंच तैयार किया जा रहा है। इस पोर्टल पर प्रत्येक वर्ष मई और नवंबर माह में सभी रिक्त पदों का विवरण दर्ज किया जाएगा, जिससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हो सके।
सरकार की योजना पहले चरण में करीब 3000 संविदा डॉक्टरों की तैनाती करने की है। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति प्रत्येक माह की 15 तारीख को साक्षात्कार आयोजित करेगी और पात्र अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
नई भर्ती व्यवस्था के अनुसार एमबीबीएस चिकित्सकों को एक लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। वहीं विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए 2.5 लाख रुपये प्रतिमाह तक मानदेय की व्यवस्था की गई है। विशेष परिस्थितियों में बुंदेलखंड क्षेत्र तथा आकांक्षी जिलों एवं ब्लॉकों में तैनात विशेषज्ञ चिकित्सकों को तीन लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जा सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित घोष के निर्देशन में तैयार की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य दूरदराज और चिकित्सक-विहीन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है। सरकार का मानना है कि नई भर्ती प्रणाली से प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
