महर्षि बामदेव बांदा महोत्सव-2025 : सांस्कृतिक रंगों का भव्य आयोजन
जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 22 और 23 मार्च, 2025 महर्षि...

बांदा। जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 22 और 23 मार्च, 2025 महर्षि बामदेव बांदा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में होगा, जिसमें भक्तिमय और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर और इंडियन आइडल विजेता कुलदीप चौहान अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके अलावा, स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी महोत्सव को खास बनाएंगी।
बाँदा महोत्सव में दोनों दिनों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाहरी कलाकारों के लिए समय रात्रि 8:00 बजे से शुरू होगा जबकि शाम 5:00 से रात्रि 8:00 बजे तक स्थानीय कलाकारों का समय रहेगा।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्थानीय सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और प्रशासन महोत्सव को यादगार बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि महोत्सव के आयोजन के लिए साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, फॉगिंग आदि की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। जिला अधिकारी श्रीमती जे. रीभा ने संबंधित अधिकारियों को यातायात, सुरक्षा, पार्किंग, पंडाल व्यवस्था और कलाकारों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। महोत्सव स्थल पर मनोरंजन, खान-पान और अन्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे। सरकारी विभागों के स्टॉल के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
महोत्सव के सुचारु संचालन के लिए मुख्य समिति, मेला स्थल व्यवस्था समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, स्टाल आवंटन समिति, सुरक्षा एवं यातायात समिति और संसाधन समिति का गठन किया गया है।
What's Your Reaction?






