कुरारा थाने का नवनियुक्त एसपी ने किया औचक निरीक्षण, महिला हेल्प डेस्क व सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश
जनपद के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सोमवार को कुरारा थाने का विधिवत निरीक्षण किया...
रिकॉर्ड, ई-मालखाना, मेस और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा • लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर
कुरारा, हमीरपुर। जनपद के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सोमवार को कुरारा थाने का विधिवत निरीक्षण किया। कार्यभार संभालने के बाद थानों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को परखने के क्रम में एसपी ने थाने के विभिन्न पटलों का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले पुलिस अधीक्षक ने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात महिला पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाने आने वाली पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद उन्होंने ई-मालखाना का अवलोकन करते हुए डिजिटल रिकॉर्ड की व्यवस्था को देखा। मालखाने में रखे सामानों के रखरखाव और रिकॉर्ड के मिलान की स्थिति पर भी उन्होंने जानकारी ली। एसपी ने रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मेस और बैरक भी पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों के खान-पान की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर, कार्यालय और हवालात की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण कार्यक्षमता को बढ़ाता है।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी रामआसरे सरोज उपस्थित रहे। एसपी ने उन्हें क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने तथा फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर थाने के अन्य उपनिरीक्षक एवं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। एसपी के औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता देखने को मिली।
रिपोर्ट : अखिलेश सिंह गौर, हमीरपुर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
