तिंदवारी के लाल डॉ. अशोक प्रजापति ने NASA में बढ़ाया भारत का मान, आर्टेमिस-II मिशन में निभाई अहम भूमिका
जनपद बांदा के तिंदवारी ब्लॉक में जन्मे डॉ. अशोक प्रजापति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए न केवल अपने गांव और जिले बल्कि पूरे...
बांदा की माटी से निकलकर अंतरिक्ष विज्ञान के वैश्विक मंच तक पहुंचे डॉ. अशोक प्रजापति, क्षेत्र में खुशी की लहर
बांदा/वॉशिंगटन। जनपद बांदा के तिंदवारी ब्लॉक में जन्मे डॉ. अशोक प्रजापति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए न केवल अपने गांव और जिले बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। वर्तमान में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे डॉ. अशोक प्रजापति अंतरिक्ष अभियानों की सफलता में अहम योगदान दे रहे हैं।
NASA के महत्वाकांक्षी आर्टेमिस-II मिशन में 25 वर्ष पुराने कोर फ्लाइट सिस्टम (cFS) सॉफ्टवेयर फ्रेमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस प्रणाली को शुरुआती 2000 के दशक से लगातार विकसित और आधुनिक बनाया जा रहा है, जिसके चलते यह आज टेलीस्कोप, एवियोनिक्स तथा कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम सहित अनेक अंतरिक्ष परियोजनाओं की आधारशिला बन चुकी है।
NASA के cFS कार्यक्रम प्रबंधक एवं स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक प्रजापति ने बताया कि cFS एक लचीला और मॉड्यूलर सॉफ्टवेयर ढांचा है, जिसे ओपन-सोर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से विकसित किया जाता है। वैश्विक अंतरिक्ष समुदाय के सहयोग से इसके उपकरणों और संरचना को लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि cFS आज NASA का प्रमुख फ्लाइट सॉफ्टवेयर फ्रेमवर्क बन चुका है और इसका उपयोग आर्टेमिस मिशन, मार्स सैंपल रिटर्न मिशन तथा रोमन स्पेस टेलीस्कोप जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अभियानों में किया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि निरंतर अद्यतन और सहयोगात्मक विकास के कारण यह 25 वर्ष पुराना सॉफ्टवेयर आज भी आधुनिक अंतरिक्ष अभियानों की रीढ़ बना हुआ है। डॉ. अशोक प्रजापति की यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उनकी इस सफलता पर अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज, समाजसेवी सुनील सक्सेना, अंकित कुशवाहा, बचपन के मित्र उमेश प्रजापति, अनिल बाजपेई सहित सैकड़ों शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि डॉ. अशोक प्रजापति ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर विश्व पटल पर बांदा और बुंदेलखंड का नाम गौरवान्वित किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
