स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना : जिलाधिकारी

80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने सर्वप्रथम अपने राजकीय आवास और इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में...

Aug 15, 2026 - 12:27
Aug 15, 2026 - 12:28
 0  6
स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना : जिलाधिकारी

स्वतंत्रता दिवस पर डीएम का अस्पताल में औचक निरीक्षण, मरीजों को बांटे फल

चित्रकूट। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने सर्वप्रथम अपने राजकीय आवास और इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय माहौल में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सस्वर गायन किया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं विभूतियों को नमन किया और जनपदवासियों सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

युवा शक्ति को समर्पित है इस वर्ष का आयोजन

अपने संबोधन में डीएम पुलकित गर्ग ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और इस वर्ष का आयोजन देश की युवा ऊर्जा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश में 35 वर्ष से कम आयु के लगभग 80 करोड़ युवा हैं, जिनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण देश की प्राथमिकता है।

उन्होंने राष्ट्रगीत की पंक्ति ‘सुजलाम् सुफलाम्’ की व्याख्या करते हुए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), कर्वी की अध्यापिकाओं को छात्राओं को वंदे मातरम् के अर्थ और मर्म से अवगत कराने के निर्देश दिए।

स्वस्थ रहकर विकसित भारत में दें योगदान

डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए नियमित योग, दौड़ और खेलकूद को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से कार्यक्षमता बढ़ती है और स्वस्थ मन एवं शरीर के साथ ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

उन्होंने खानपान में मिलेट्स (श्रीअन्न) और प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने तथा चाय एवं अत्यधिक शर्करा के सेवन से बचने की सलाह दी। साथ ही कार्यालयीन कार्यों के दौरान तनावमुक्त रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया।

छात्राओं और सफाई कर्मचारियों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कर्वी की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। जिलाधिकारी ने छात्राओं को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

वहीं कलेक्ट्रेट परिसर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों को शॉल एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।

अस्पताल का औचक निरीक्षण, मरीजों को बांटे फल

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय, सोनेपुर का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और वीआईपी कक्ष में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मरीजों को फल भी वितरित किए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने पटेल तिराहा पहुंचकर ध्वजारोहण किया और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीचंद्र शेखर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरुण कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्निल कुमार यादव, हेमराज सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0