महाशिवरात्रि पर राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की भव्य बारात निकलेगी
महाशिवरात्रि पर्व पर धर्मनगरी चित्रकूट में राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की भव्य बारात धूमधाम से निकाली जाएगी...
जबलपुर का बैंड-शहनाई और प्रयागराज की झांकी रहेंगी आकर्षण का केंद्र, चार प्रहर की महाआरती व रतजगा का आयोजन
चित्रकूट। महाशिवरात्रि पर्व पर धर्मनगरी चित्रकूट में राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ सरकार की भव्य बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। इस अवसर पर जबलपुर से आए बैंड और शहनाई तथा प्रयागराज की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मंदिर परिसर में चार प्रहर की महाआरती, रतजगा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम पूरी रात चलता रहेगा।
मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप दास महाराज ने बताया कि महाशिवरात्रि पर मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। दोपहर से विशाल फलाहारी भंडारे का आयोजन होगा। शाम 4 बजे रामघाट से राजाधिराज सरकार की बारात निकलेगी, जिसमें अखाड़ों के निशान, संत-महंत, हाथी-घोड़े और रथ पर सवार दूल्हा सरकार आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बारात रामघाट से जयपुरिया तिराहा, पुराना सीतापुर बस स्टॉप, चौगलिया होते हुए पुनः रामघाट पहुंचेगी। उन्होंने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से भोलेनाथ के बाराती बनने का आह्वान किया।
मंदिर के प्रधान पुजारी विपिन बिहारी महाराज ने बताया कि शाम 8:30 बजे पहली महाआरती, रात 11:30 बजे दूसरी, रात्रि 2 बजे तीसरी और प्रातः 4 बजे मंगल आरती संपन्न होगी। पूरी रात जबलपुर की शहनाई की स्वर लहरियां गूंजेंगी और भजन-कीर्तन व रतजगा का आयोजन होगा।
बारात के स्वागत की विशेष तैयारियां भी की गई हैं। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि जयपुरिया तिराहे पर पिछले एक दशक से उनकी टीम द्वारा बारात का पारंपरिक स्वागत किया जाता रहा है। इस वर्ष भी फूलों की वर्षा, बारातियों को माला पहनाना, सेंट स्प्रे तथा 51 किलो पंचमेवा प्रसाद वितरण की तैयारी की गई है।
बैठक में अंकित पहारिया, जानकी शरण गुप्ता, बद्री सिंह पटेल, अतुल सिंह, वीपी पटेल, कमल सिंह, अशोक सिंह सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे। मंदिर प्रशासन ने आयोजन को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
