वैवाहिक कार्यक्रमों के दौरान सड़क हादसों का कहर : पांच मौतों से मचा कोहराम

जिले में वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान सड़क हादसों की श्रृंखला ने पांच जिंदगियां छीन लीं...

Feb 21, 2026 - 09:57
Feb 21, 2026 - 10:03
 0  141
वैवाहिक कार्यक्रमों के दौरान सड़क हादसों का कहर : पांच मौतों से मचा कोहराम

बांदा। जिले में वैवाहिक कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान सड़क हादसों की श्रृंखला ने पांच जिंदगियां छीन लीं। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में युवक, मासूम बच्ची, महिला और वृद्ध की मौत से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

सबसे पहले बबेरू कोतवाली क्षेत्र के कोरम गांव निवासी 30 वर्षीय राजेश कुमार की मौत हो गई। वह बाइक से निमंत्रण में शामिल होने के बाद मिलाथू गांव जा रहा था, तभी सामने से आए वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक उछलकर करीब तीन फुट ऊंचे बबूल के पेड़ पर जा लटकी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दूसरी घटना में शहर के जरैली कोठी मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय अखिलेश की मौत हो गई। वह कर्बी से शादी समारोह से लौट रहा था, तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। गंभीर रूप से घायल अखिलेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

तीसरी घटना दिल दहला देने वाली रही, जहां फतेहपुर जिले की तीन वर्षीय मासूम अंकिता अपनी मौसी की शादी में शामिल होने आई थी। सड़क पार कर दुकान जाते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी और करीब 10 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक जाम लगाया।

चौथी घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र की 55 वर्षीय सिया सखी की मौत हो गई। वह मेडिकल कॉलेज से लौटते समय बाइक से गिर गई थीं, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान उनकी जान चली गई।

वहीं देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव में एक अनियंत्रित ट्रक ट्रेलर घर में घुस गया, जिससे घर में सो रहे 53 वर्षीय सहादेव की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया, जिसे पुलिस ने समझाकर समाप्त कराया।

सभी घटनाओं में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0