दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों पर मंथन, सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक उठे मुद्दे

आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडपम सभागार में...

Oct 9, 2026 - 17:22
Oct 9, 2026 - 17:23
 0  5
दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों पर मंथन, सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक उठे मुद्दे

बांदा। आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडपम सभागार में बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष अमित सेठ भोलू की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के पदाधिकारियों, समिति सदस्यों तथा पुलिस एवं जिला प्रशासन, नगर पालिका, विद्युत विभाग और जल संस्थान के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली-पानी और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

सड़कों, नालियों और सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठा

बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। उन्होंने बताया कि कई मोहल्लों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना वाले स्थानों पर सड़कें खराब हैं, नालियां टूटी हुई हैं और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। उन्होंने महोत्सव से पहले साफ-सफाई कराने तथा सड़कों और नालियों की मरम्मत कराने की मांग की, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

इसके साथ ही बिजली कटौती रोकने, विद्युत व्यवस्था बेहतर बनाने और नीचे लटक रहे तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई। जल संस्थान से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान पर भी जोर दिया गया।

महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर

बैठक में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गई। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे से ही महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगती हैं। ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।

इसके अलावा महोत्सव के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा दस दिनों तक मदिरा की दुकानों को बंद रखने की मांग उठाई गई। आवारा पशुओं की समस्या पर भी आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।

मधुर भक्ति संगीत और स्वच्छता बनाए रखने की अपील

समिति के महामंत्री एवं भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने सभी दुर्गा पूजा समितियों से अपने-अपने पंडालों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि भक्ति गीत मधुर ध्वनि में बजाए जाएं, ताकि धार्मिक वातावरण बना रहे और आमजन, बच्चों एवं बुजुर्गों को परेशानी न हो।

समिति के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे ने कहा कि नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा बांदा का ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ा पर्व है। इसे पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाना चाहिए। साथ ही सभी समितियां अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन के नियमों का पालन करें, जिससे महोत्सव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

काली देवी मंदिर के महंत मुन्ना नंद सरस्वती ने आवारा पशुओं की समस्या पर रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। वहीं, चंद्र मोहन बेदी ने विसर्जन घाट की व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पर्याप्त समय रहते घाट को दुरुस्त कराया जाए, जिससे प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस और जिला प्रशासन ने दिया सहयोग का भरोसा

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने समिति पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नगर मजिस्ट्रेट ने नगर पालिका, विद्युत विभाग और जल संस्थान से संबंधित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का प्रयास करने का भरोसा दिया। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकित बसु ने भी समितियों को आश्वस्त किया कि नगर पालिका से संबंधित समस्याओं और आवश्यक कार्यों के समाधान के लिए उनसे संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर महोत्सव से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने पर जोर दिया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक आयोजन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग समय से अपनी जिम्मेदारियां निभाएं।

बैठक का संचालन संजय काकोनिया ने किया। अंत में सभी पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग, अनुशासन और समर्पण के साथ मां दुर्गा के महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

बैठक में विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, अशोक गुप्ता, बीके सिंह, बड़े भैया, विनोद जैन, गोपाल चंद्र अवस्थी, शिव प्रसाद अवस्थी, मनोज जैन, कमलेश गुप्ता, अवधेश कपूर, राकेश बाजपेई, सुनील सक्सेना, वंदना गुप्ता, रेखा भटनागर, रामाश्रय गुप्ता पप्पू, राकेश गुप्ता दादू, दीपक अवस्थी, अभिषेक पांडे, रमाशंकर राजपूत, लखन राजपूत, जितेंद्र राज साहू, सौरभ गुप्ता, सचिन चौरसिया, बिहारी साहू, अविनाश निगम और मुदित शर्मा मौजूद रहे।

इसके अलावा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी चंद चौधरी, सीओ सिटी सौरभ सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ, जल संस्थान के अधिशासी अधिकारी छोटू धुरिया सहित केंद्रीय समिति एवं विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

समिति ने विश्वास जताया कि प्रशासन और सभी पूजा समितियों के सामूहिक प्रयासों से बांदा में दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा, भव्यता, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0