बांदा : रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिला
मानिकपुर-बांदा रेल खंड पर बागै नदी पुल के पास गुरुवार रात एक युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने मामले को खुदकुशी मानते हुए जांच शुरू..

बांदा, मानिकपुर-बांदा रेल खंड पर बागै नदी पुल के पास गुरुवार रात एक युवक का शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने मामले को खुदकुशी मानते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजन इसे हादसा बता रहे हैं।
बदौसा थाना क्षेत्र के दुबरियां गांव के अंश गड़रियन पुरवा निवासी जयकरन का बेटा जितेंद्र कुमार गुप्ता (32) गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से बिना किसी को बताए बाहर निकला। जब पूरी रात वह घर नहीं लौटा और उसका फोन बंद मिला, तो परिजन चिंतित हो गए। इसी दौरान रात करीब सवा 12 बजे रेलवे ट्रैकमैन ने बागै नदी पुल से 100 मीटर की दूरी पर ट्रैक किनारे शव देखा। सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत घटना की सूचना बदौसा थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह जब शव की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई, तब परिजन ने शव की पहचान की।
जितेंद्र के पिता जयकरन ने बताया कि उनका बेटा शराब पीने का आदी था। घटना वाली रात उसने शराब पी थी, जिसके बाद संभवतः पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस का मानना है कि घरेलू परेशानियों के कारण उसने आत्महत्या की होगी।
जितेंद्र टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और अपने पीछे पत्नी गीता, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया। हाल ही में उसने पिता से बस खरीदने की बात कही थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण यह संभव नहीं हो सका। पिता ने उसे टेंपो चलाने की सलाह दी थी।
बदौसा थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। घरेलू नाराजगी और शराब के नशे में उसने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने हर पहलू की जांच शुरू कर दी है।इस दुखद घटना ने मृतक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
What's Your Reaction?






